नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘रेनकोट’, ‘जन्मपत्री’ और ‘गूगल’ वाले बयान को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को लखनऊ में जब साझा प्रेसवार्ता में मीडिया के सामने आए तो उनके निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही थे। खासकर राहुल गांधी ने मोदी के मनमोहन सिंह और कांग्रेस पर हमले का तीखा जवाब दिया। इसमें दोनों गठबंधन का दस सूत्री कॉमन जारी किया। राहुल ने यहां पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम को सिर्फ गूगल पर सर्च करना और दूसरों के बाथरूम में झांकना पसंद है। उन्हें जो भी जन्मपत्री निकालनी है, निकाल लें।
दरअसल, राहुल गांधी से पूछा गया कि मोदी ने कांग्रेस नेताओं को चुप रहने को कहा है, क्योंकि उनके पास सबकी जन्मपत्री है, इस पर वह क्या जवाब देना चाहेंगे? जवाब में राहुल ने कहा कि पीएम मोदी को जो करना है वह करें। जन्मपत्री निकालें किसने मना किया है लेकिन यह सब वो अपने खाली समय में करें, क्योंकि उन्हें दूसरों के बाथरूम में झांकना, गूगल पर वक्त बिताना, जन्मपत्री निकालना बहुत पसंद है तो वो निकालें लेकिन जनता से जो वादे उन्होंने किए थे, उन्हें भी पूरा करें।