khaskhabar.com: बुधवार, 31 अगस्त 2016 6:23 PM (IST)
राहुल गांधी 6 सितंबर से उत्तर प्रदेश में यूपी में देवरिया से 2500
किमी की महायात्रा शुरू करने जा रहे हैं। कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत
किशोर ने राहुल के लिए यात्रा के दौरान गांवों में ‘खाट चर्चा’ का
प्रोग्राम बनाया है, मतलब राहुल गांवों में खाट पर बैठकर चाय की चुस्की के
साथ किसानों और नौजवानों के साथ बातचीत करेंगे। बता दें कि प्रशांत किशोर
ने ही पीएम मोदी के लिए चाय पर चर्चा का हिट प्रोग्राम बनाया था। अब उसी
हिट फॉर्मूले में थोड़ा बहुत फेरबदल कर राहुल के लिए प्रशांत किशोर ने यह
नई योजना बनाई है।
राहुल की महायात्रा में इस बार कोई बड़ी जनसभा नहीं
होगी। राहुल लगभग एक महीने उत्तर प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान वह छोटी
सभाएं और रोड शो करेंगे। कांग्रेस की राजबब्बर और शीला दीक्षित के नेतृत्व
में दो यात्रा पहले से ही चल रही हैं। कांग्रेस ने इस बार अपने बड़े नेताओं
को ताकीद की है कि वे राहुल गांधी के पीछे घूमने और अपना चेहरा चमकाने की
बजाय लोगों के बीच रहें। हालांकि विपक्षी कह रहे हैं कि राहुल कोई भी दांव
आजमा लें, यूपी में कांग्रेस का कुछ नहीं हो सकता।