Advertisement
राहुल गांधी चुनिंदा लोगों से मिलते हैं, पार्टी संकट के दौर से गुजर रही है: शकील अहमद

राहुल गांधी की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए शकील अहमद ने कहा कि राहुल गांधी चुनिंदा लोगों से ही मिलते हैं। यदि कोई उनसे मिलने का समय मांगता है तो पहले उस व्यक्ति की जानकारी बिहार प्रभारी से ली जाती है और यदि प्रभारी को लगता है कि वह व्यक्ति नेतृत्व की प्रशंसा करेगा, तभी समय दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी से जब भी उनकी मुलाकात होती थी, वह पुराने संदर्भों को याद कर सवाल करती थीं और व्यक्तिगत संवाद बनाए रखती थीं।
इस दौरान शकील अहमद ने यूथ कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें फोन पर जानकारी दी गई कि दिल्ली से उनके खिलाफ हमले का आदेश आया है। उन्होंने दावा किया कि पटना और मधुबनी में उनके घरों पर हमले की योजना बनाई गई है, जिसकी सूचना उन्होंने प्रशासन को दे दी है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर उनका पुतला जलाया जाएगा और जोरदार विरोध किया जाएगा। हालांकि, पुतला जलाने पर आपत्ति जताते हुए शकील अहमद ने कहा कि मैं एक मुसलमान हूं। अगर मुझे खत्म करना है तो मुझे दफनाना होगा, पुतला जलाना मेरे धर्म का अपमान है। इस तरह की हरकतें मेरे धर्म को भ्रष्ट करने जैसी हैं। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक कांग्रेस के सदस्य रहे और कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे, इसके बावजूद यदि यूथ कांग्रेस उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई कर रही है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सीधे तौर पर शीर्ष नेतृत्व के कहने पर किया जा रहा है।
कांग्रेस के भविष्य को लेकर शकील अहमद ने चिंता जताते हुए कहा कि पार्टी की हालत बेहद खराब है और वह पहले से ही एक दूसरा विकल्प बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भविष्य भगवान के हाथ में है, लेकिन मौजूदा हालात पार्टी के लिए शुभ संकेत नहीं दे रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए शकील अहमद ने बताया कि जब वह पहली बार मोदी से मिले तो उन्हें लगा कि प्रधानमंत्री उन्हें पहचानेंगे नहीं। हाथ मिलाते हुए उन्होंने अपना परिचय दिया, जिस पर पीएम मोदी ने उनसे कहा कि आप मेरे बारे में बहुत बुरी बातें कहते हैं। इस पर शकील अहमद ने जवाब दिया था कि मेरा काम ही आपके बारे में बुरी बातें कहना है। उन्होंने कहा कि उस समय वह मंत्री और पार्टी प्रवक्ता रह चुके थे।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


