Race for Jaipur Mayor: Contest between Sunil Kothari and Puneet Karnawat-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जयपुर मेयर की रेस : सुनील कोठारी और पुनीत कर्नावट में मुकाबला, विधायक नहीं चाहते अपने क्षेत्र का दावेदार, डिप्टी मेयर के लिए ब्राह्मण-राजपूत लॉबिंग

khaskhabar.com: बुधवार, 16 सितम्बर 2026 2:02 PM (IST)
जयपुर मेयर की रेस : सुनील कोठारी और पुनीत कर्नावट में मुकाबला, विधायक नहीं चाहते अपने क्षेत्र का दावेदार, डिप्टी मेयर के लिए ब्राह्मण-राजपूत लॉबिंग
जयपुर। जयपुर नगर निगम में 150 में से 78 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में महापौर (मेयर) और उप-महापौर (डिप्टी मेयर) पदों को लेकर सियासी जोड़-तोड़ चरम पर पहुंच गई है। चार वार्डों के परिणाम री-पोलिंग के चलते रुके होने के बावजूद बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर चुकी भाजपा ने बाड़ेबंदी में बंद पार्षदों से रायशुमारी पूरी कर ली है। राजधानी में सोशल इंजीनियरिंग के तहत इस बार वैश्य समाज (विशेषकर जैन समुदाय) से मेयर बनाने की संभावना सबसे प्रबल है। विधायकों की नई शर्त: हमारे क्षेत्र से न बने मेयर जयपुर शहर के भाजपा विधायकों ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने एक अनूठी मांग रख दी है। विधायकों का कहना है कि मेयर उनके विधानसभा क्षेत्र से न बनाया जाए, बल्कि प्राथमिकता उन क्षेत्रों को मिले जहां वर्तमान में भाजपा का विधायक नहीं है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसके पीछे आंतरिक प्रतिद्वंद्विता का डर है; कोई भी विधायक अपने ही इलाके में मेयर जैसा मजबूत समानांतर राजनीतिक शक्ति केंद्र खड़ा नहीं होने देना चाहता।
सुनील कोठारी बनाम पुनीत कर्नावट: क्यों हैं बड़े दावेदार?
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ब्राह्मण कोटे से हैं, दो मंत्री राजपूत कोटे से हैं और शहर से तीन ब्राह्मण, दो राजपूत व एक दलित विधायक हैं। वैश्य कोटे से एकमात्र विधायक कालीचरण सराफ को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई है। ऐसे में कोर वैश्य और जैन वोट बैंक को साधने के लिए दो प्रमुख नाम आगे हैं:
सुनील कोठारी: पार्षदों की रायशुमारी, वरिष्ठता, आर्थिक सुदृढ़ता और विधायकों की सहमति के आधार पर कोठारी फिलहाल संगठन की पहली पसंद बने हुए हैं।
पुनीत कर्नावट: निवर्तमान डिप्टी मेयर कर्नावट को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का करीबी माना जाता है। हालांकि, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ से उनकी पुरानी अदावत (टिकट वितरण के दौरान सिंबल विवाद) उनकी राह में सबसे बड़ा रोड़ा बन सकती है।
डिप्टी मेयर पद पर जातीय समीकरणों की रस्साकशी
मेयर पद वैश्य समाज के खाते में जाने की स्थिति में उप-महापौर पद के लिए कई सामाजिक समीकरणों पर विचार चल रहा है:
ब्राह्मण समाज (प्रबल दावेदारी): जयपुर शहर का सबसे बड़ा कोर वोट बैंक होने के बावजूद निगम इतिहास में कभी कोई पूर्णकालिक ब्राह्मण मेयर नहीं रहा (केवल 2009 में पंकज जोशी 5 माह रहे)।
शैलेंद्र भार्गव: पूर्व शहर जिलाध्यक्ष और लंबा संगठनात्मक अनुभव रखने वाले भार्गव डिप्टी मेयर के सबसे मजबूत दावेदार हैं।
अन्य विकल्प: सीएम के ओएसडी आनंद शर्मा की पत्नी प्रतिभा शर्मा और सिविल लाइंस से पार्षद बने शशि प्रकाश शर्मा के नाम भी चर्चा में हैं।
राजपूत समाज: यूजीसी रोलबैक विवाद और अन्य मुद्दों से समाज में उपजी नाराजगी को पाटने और डैमेज कंट्रोल के लिए राजपूत नेता भी पद के लिए दबाव बना रहे हैं।
मूल ओबीसी (कुमावत/माली समाज): जयपुर शहर में पारंपरिक रूप से भाजपा समर्थक रहे कुमावत और माली समाज को भी हिस्सेदारी देने का विकल्प खुला रखा गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement