Put a tap tack - 46,500 bottlenecks in the water conservation campaign - Dr. ‌‌Banwari-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नल की टोंटी लगाओ-जल बचाओ अभियान में 46,500 टोंटी लगाई-डा. बनवारी

khaskhabar.com: गुरुवार, 18 अक्टूबर 2018 8:45 PM (IST)
नल की टोंटी लगाओ-जल बचाओ अभियान में 46,500 टोंटी लगाई-डा. बनवारी
चण्डीगढ़। हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बनवारी लाल ने कहा कि उनके विभाग के तहत टूटी लगायो-जल बचाओ अभियान चलाया जा रहा है और इस अभियान के तहत अभी तक 46500 टूटी लगायी जा चुकी है तथा आगामी 31 दिसंबर 2018 तक लगभग 1.05 लाख टूटी लगाई जाएगी। वे गत दिवस देर सायं यहां एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, ओवरहेड टैंक पर बाल्व लगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान आखरी टेल तक पानी पहुंचाया गया है जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सरकार ने टेलों की मरम्मत व उपकरणों के रखरखाव के लिए 143 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को सुविधा देने के लिए उनके विभाग द्वारा जल्द ही नई-नई तकनीकों को अपनाने पर विचार किया जा रहा है जिससे पेयजल आपूर्ति और सीवरेज जैसी सुविधाओं को सुदृढ किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि पिछले 4 सालों से मुख्यमंत्री मनोहर लाल सबका साथ-सबका विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बिना भेदभाव और बिना क्षेत्रवाद के तहत काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा दिया है जिससे लोगों में आपस में जुडऩे का भाव पैदा हुआ है। डॉ बनवारी लाल ने कहा कि उनके विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री द्वारा 399 घोषणाएं की गई हैं जिनमें से 119 घोषणाएं पूरी कर दी गई है और 120 घोषणाओं पर कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग एक महत्वपूर्ण विभाग है जो गरीब-अमीर छोटे-बड़े सभी की समस्याओं का हल करता है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 सालों में राज्य के शहरों में स्वच्छ पेयजल और सीवरेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके विभाग द्वारा किसी भी प्रकार की समस्या को ठीक करने के लिए तुरंत कार्रवाई की जाती है हालांकि बरसात के दिनों में थोड़ी बहुत दिक्कत आती है लेकिन अन्य विकल्पों के माध्यम से समस्या का निदान किया जाता है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सीवरेज में पॉलिथीन ना डालें क्योंकि इससे सीवरेज लाइन बंद हो जाती है और समस्या बढ़ जाती है। डॉ बनवारी लाल ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान 164 कैनाल आधारित और 96 ट्यूबवेल लगाए गए हैं । इसके अलावा, 483 बूस्टिंग स्टेशन तथा 56 एसटीपी स्थापित किए गए हैं । उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन साल से पानी की किल्लत को लेकर किसी प्रकार का कोई विरोध नहीं हुआ है क्योंकि पानी की सप्लाई लगातार लोगों को करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों वे सिंगापुर में गए जहां पर उन्होंने आधुनिक उपकरणों को देखा और आने वाले समय में इस प्रकार के उपकरण राज्य में लोगों की सुविधाओं को देखते हुए प्रयोग में लाए जाएंगे।
इसी प्रकार उन्होंने सौर ऊर्जा के बारे में कहा कि सौर ऊर्जा एक महत्वपूर्ण और ग्रीन एनर्जी का जरिया है जिससे किसी भी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सौर ऊर्जा पर जाना होगा क्योंकि साल के 300 दिन तक सूरज की रोशनी भारत में होती है और सौर ऊर्जा का एक अच्छा विकल्प है। सरकार ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा नीति 2016 बनाई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement