टोंक। प्रधानजी, पिता की शुगर और फेफ डे की बीमारी से मौत हो गई तो मैं स्कूल नही जा पाई, अब दोबारा स्कूल गई तो विद्यालय वाले दाखिला नहीं दे रहे। तीन चार चक्कर काट लिए, कोई सुनता ही नही है। घर में सिर्फ मां और तीन बहनें हैं मां कहती है कि पढेगी नहीं तो शादी कर देगें। मैं पढना चाहती हूं, अब आप ही मेरा दाखिला कराओं। लाडली सम्मान अभियान के तहत टोंक विधानसभा क्षैत्र के गांव छान में आयोजित रात्रि चौपाल में सत्रह साल की बालिका करिश्मा ने जब टोंक प्रधान जगदीश गुर्जर से यह मार्मिक अपील की तो चौपाल में मौजूद विकास अधिकारी पुरूषोत्तम गौतम सहित सभी अतिथि अवाक रह गए। प्रधान जगदीश गुर्जर ने करिश्मा के शिक्षा के प्रति जज्बे को देखकर पहले तो उसे सम्मानित किया और स्कूल में दाखिले का भरोसा दिलाया। मेहन्दवास थाना प्रभारी ने इस लाडली व उसकी बहनों की पढाई का खर्चा उठाने की घोषणा की। करिश्मा ने ने केवल अपनी पीडा सुनाई बल्कि राज्य सरकार द्वारा बच्चों को स्कूलो से जोडने के लिए शिक्षा के लिए चलाए गए नामांकन अभियान की भी पोल खोलकर रख दी ।