Pravasi Rajasthani Diwas – Grand event from December 8 to 10 –-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्रवासी राजस्थानी दिवस - 8 से 10 दिसंबर तक भव्य आयोजन - 7,500 से अधिक प्रवासियों, निवेशकों सहित अन्य लोगों ने कराया पंजीकरण

khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 6:12 PM (IST)
प्रवासी राजस्थानी दिवस - 8 से 10 दिसंबर तक भव्य आयोजन - 7,500 से अधिक प्रवासियों, निवेशकों सहित अन्य लोगों ने कराया पंजीकरण
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर इस वर्ष प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन तीन दिवसीय होगा। इस आयोजन को लेकर संबंधित विभागों द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में तैयारियों की समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि इस आयोजन में ‘विकास भी, विरासत भी’ की झलक दिखाई देनी चाहिए। राजस्थान की भव्य विरासत और विकास को विभिन्न माध्यमों से प्रदर्शित किया जाए। प्रवासियों को अपनापन महसूस हो और वे अच्छी यादों के साथ वापस लौटें। उन्होंने मुख्य आयोजन और विशेष सत्रों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के साथ ही राजस्थान फाउंडेशन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग, परिवहन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यटन, माइंस और सूचना एवं जनसंपर्क सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि 10 दिसंबर को छह विशेष सत्र होंगे। इनमें पर्यटन, शहरी विकास, उद्योग, ऊर्जा, माइनिंग और प्रवासी राजस्थानी संवाद शामिल हैं। इन सत्रों में विकसित राजस्थान-2027 की थीम के अनुरूप भविष्य की तस्वीर नजर आनी चाहिए। आयोजन के दौरान विशिष्ट अतिथियों के वीवीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, परिवहन और अतिथि सत्कार की विशेष व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही जयपुर शहर के सौंदर्यीकरण के तहत सफाई अभियान, सड़कों की मरम्मत, रोशनी की व्यवस्था और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों के सुधार का कार्य भी समय पर पूरा कर लिया जाए।
बैठक में बताया गया कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश-विदेश में बसे प्रवासियों और निवेशकों में उत्साह है। अब तक 7,500 से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है।

दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 में 10 दिसंबर को हर वर्ष प्रवासी राजस्थानी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस आगामी 10 दिसंबर को आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 8 दिसंबर को झुंझुनूं के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट और 9 दिसंबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में प्रवासी सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
प्रवासियों को आमंत्रित करने के लिए कोलकाता, भुवनेश्वर, बेंगलुरु और गुवाहाटी में ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ का आयोजन भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने 16 अक्टूबर को जयपुर में प्रवासियों के साथ संवाद भी किया था, जिसमें देश-विदेश में बसे प्रवासी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement