जयपुर। प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपने संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के उद्धेश्य से सार्वजनिक निजी सहभागिता की पहल के उत्साहजनक परिणाम दृष्टिगोचर हो रहे हैं। पीपीपी मोड पर दिये गये चिकित्सा केन्द्रों के आउटडोर में 74 प्रतिशत एवं संस्थागत प्रसव में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुयी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ की अध्यक्षता में गुरूवार को शासन सचिवालय में आयोजित बैठक में यह जानकारी दी गयी। राज्य सरकार पर बिना किसी वित्तीय भार के 17 पीएचसी, 1 सीएचसी (मनोहरपुर-जयपुर) एवं 1 ट्रोमा सेंटर (कोटपुतली-जयपुर) निजी क्षेत्र द्वारा संचालित किये जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर मिले उत्साहजनक परिणामों के बाद ई-निविदाएं आमंत्रित करके 44 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सार्वजनिक निजी सहभागिता के तहत् निजी क्षेत्र द्वारा संचालन करने हेतु दिये गये हैं।राठौड़ ने बताया कि वर्तमान में बिना वित्तीय भार के संचालित 17 पीएचसी में से 10 पीएचसी विश फाउन्डेशन, 5 बाॅयोकोन एवं 1-1 निम्स व जेएनयू जयपुर द्वारा संचालित की जा रही हैं। इसी प्रकार मनोहरपुर सीएचसी व कोटपुतली ट्रोमा सेंटर का संचालन बिना वित्तीय भार के निम्स द्वारा किया जा रहा है। इनके अतिरिक्त 44 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र निर्धारित पारदर्शी निविदाओं के अनुसार निजी क्षेत्र को संचालन हेतु दिये गये हैं। इनमें से 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का संचालन विश फाउन्डेशन द्वारा किया जा रहा है।चिकित्सा मंत्री ने विश फाउन्डेशन के प्रतिनिधियों को पीपीपी आधार पर दिये गये सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों व चिकित्साकर्मियों की निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। फाउंडेशन द्वारा कुल 32 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 162 उप स्वास्थ्य केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। गत् पांच माह के दौरान इनके आउटडोर में 148 प्रतिशत की वृद्धि हुयी। इसी प्रकार संस्थागत् प्रसवों में 67 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। इन चिकित्सा केन्द्रों में चिकित्साकर्मियों की उपस्थिति भी लगभग शत-प्रतिशत रही है। बैठक में निदेशक जनस्वास्थ्य डाॅ. बी.आर.मीणा, अतिरिक्त निदेशक डाॅ. राधेश्याम छीपी एवं विश फाउंडेशन के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।
यह भी पढ़े :जब ISIS आतंकियों के साथ कमरे में फंस गईं सात लड़कियां...यह भी पढ़े :CM अखिलेश की रथ यात्रा 56 किमी गई, रथ 1 किमी पर रूका, SEE PIC