फतेहाबाद। नशा विरोध अभियान के तहत पुलिस को दूसरी बड़ी कामयाब हाथ लगी। जिला पुलिस की सीआईए विंग ने नशे के सौदागारों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 17 क्विंटल चूरापोस्त बरामद की है। इसकी कीमत 70 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने सोमवार को बताया कि पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी। नशा तस्कर एक नशीले पदार्थ की एक बड़ी खेप लाने वाले हैं। जिसके बाद पुलिस सतर्क हुई और तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक वहां से 85 कट्टों में भरा 17 क्विंटल नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों में एक फतेहाबाद का व 2 अन्य उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों को सामान सहित गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।