करनाल। पुलिस ने 32 सालों से अपराध की दुनिया के इनामी बदमाश पाला सिंह ऊर्फ कृपाल सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पाला पर हरियाणा, उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से अधिक हत्या, हत्या के प्रयास, लूट व डकैती के मामले दर्ज है। उसे घरौंड़ा, असंध सहित कई थानों में टाडा के तहत अपराधी घोषित किया जा चुका है। बदमाश पर रोहतक पुलिस ने दस हजार और करनाल पुलिस ने पांच हजार का इनाम भी घोषित किया था। फिलहाल पुलिस इस बदमाश को अदालत में पेश कर रिमांड लेकर पूछताछ करेगी। उत्तर प्रदेश शामली जिले के गांव लक्ष्मीपुरा चैसाना का रहने वाला बदमाश पाला यूपी व हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती के 25 वारदातों को अंजाम दे चुका था।