PM Modi Ranks Second Among Asia Most Influential Leaders, Lowy Institute Releases List-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एशिया के सबसे प्रभावी नेताओं में पीएम मोदी दूसरे नंबर पर, लोवी इंस्टिट्यूट ने जारी की लिस्ट

khaskhabar.com: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 11:20 AM (IST)
एशिया के सबसे प्रभावी नेताओं में पीएम मोदी दूसरे नंबर पर, लोवी इंस्टिट्यूट ने जारी की लिस्ट
नई दिल्ली । भारत ने पूरी धमक के साथ एशिया में अपना इकबाल बुलंद किया है। हम इस महाद्वीप के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में पहचाने गए हैं। वहीं हमारे देश की कमान संभालने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टिट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स फेहरिस्त में खास जगह दी है। उन्हें इस क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता बताया गया है। पीएम मोदी से ऊपर यानी शीर्ष पायदान पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को रखा गया है। रिपोर्ट में भारत के कूटनीतिक प्रभाव को उसकी प्रमुख ताकत बताया गया है। इस श्रेणी में भारत को 70.3 अंक मिले हैं। विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में भी सुधार किया है। उन्हें तीन पायदान का उछाल मिला है और जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है।
इन नतीजों पर टिप्पणी करते हुए, लोवी इंस्टीट्यूट में दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम के निदेशक और 'एशिया पावर इंडेक्स' के प्रोजेक्ट लीड, डॉ. हंटर मार्स्टन ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा: "भारत का प्रभाव बढ़ा है। भारत 40.5 के स्कोर पर पहुंच गया है, जिससे एक बड़ी शक्ति के रूप में उसकी स्थिति और मजबूत हुई है। 2018 के बाद से चीन के साथ भारत का अंतर अब सबसे कम है। आर्थिक क्षमता में कुछ गिरावट के बावजूद, शी जिनपिंग के बाद पीएम मोदी को अब दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है।"
रिपोर्ट में भारत को प्रमुख शक्ति (मेजर पावर) का दर्जा दिया गया है।
2026 एशिया पावर इंडेक्स में 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन 131 संकेतकों के आधार पर किया गया है। इसमें शक्ति से जुड़े आठ पैमानों को शामिल किया गया जिनमें आर्थिक और सैन्य क्षमता, मजबूती, राजनयिक प्रभाव और आर्थिक संबंध शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और चीन क्रमशः शीर्ष दो स्थानों पर बने हुए हैं। वहीं, भारत ने अपने राजनयिक प्रभाव, रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों में सुधार करके क्षेत्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की है।
भारत को इस सूचकांक में 100 में से 40.5 अंक मिले हैं, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 0.5 अंक अधिक हैं। जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और चीन के बीच समग्र शक्ति का अंतर 2018 में इस सूचकांक की शुरुआत के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है।
भारत की सबसे मजबूत स्थिति भविष्य के संसाधनों (फ्यूचर रिसोर्सेज) के क्षेत्र में रही, जहां उसे तीसरा स्थान मिला है। इस श्रेणी में भारत को 56.2 अंक प्राप्त हुए। आर्थिक क्षमता में भी भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
रिपोर्ट में भारत की आर्थिक स्थिति को मिला-जुला बताया गया है। आर्थिक क्षमता का स्कोर थोड़ा घटकर 26.4 अंक रह गया। इसके अलावा, देश से बाहर होने वाले निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट का भी उल्लेख किया गया है।
हालांकि, भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा। आर्थिक विकास के अनुमान में सुधार के चलते इस श्रेणी में उसका स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया।
रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि भारत ने क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ाने की दिशा में प्रगति की है। आर्थिक और कूटनीतिक मोर्चों पर चुनौतियों के बावजूद रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय संबंधों और भविष्य की संभावनाओं ने एशिया में भारत की स्थिति को मजबूती दी है।
रक्षा नेटवर्क के मामले में भारत ने दो स्थान की छलांग लगाई है और नौवें स्थान पर पहुंच गया है। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ते रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री को इस सुधार का प्रमुख कारण बताया गया है।
आर्थिक संबंधों के मामले में भी भारत की स्थिति बेहतर हुई है। इस श्रेणी में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंचा है। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में अपेक्षाकृत स्थिरता ने इसमें योगदान दिया है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement