Players should aim to win medals in Olympics: Nayab Singh Saini-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ओलंपिक में पदक जीतने का लक्ष्य रखें खिलाड़ी: नायब सिंह सैनी

khaskhabar.com: शनिवार, 13 सितम्बर 2025 4:14 PM (IST)
ओलंपिक में पदक जीतने का लक्ष्य रखें खिलाड़ी: नायब सिंह सैनी
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला में अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों का अंतिम लक्ष्य केवल एशियन जूनियर टूर्नामेंट नहीं, बल्कि ओलंपिक खेलों में पदक जीतना होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में भारत को एक खेल महाशक्ति बनाने का लक्ष्य है और हरियाणा सरकार अभी से इसकी तैयारियों में जुट गई है। पंचकूला में आयोजित इस टूर्नामेंट में देशभर से लगभग 2000 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन उनका जज्बा और खेल भावना ही उन्हें महान खिलाड़ी बनाएगी। इस अवसर पर उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी, पंचकूला को 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा को 'स्पोर्ट्स हब' बताते हुए कहा कि राज्य ने 'खेले हरियाणा-बढ़े हरियाणा' के मंत्र के साथ खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1,489 खेल नर्सरियां कार्यरत हैं, जिनमें 37 हजार से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है, जिससे वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें। नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के 6 में से 5 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते, और टोक्यो ओलंपिक 2020 में 7 में से 4 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए थे। उन्होंने कहा कि यह हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से टीम भावना के साथ खेलने का आग्रह किया और कहा कि बैडमिंटन जैसे खेल शारीरिक कौशल के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और अनुशासन भी सिखाते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement