जयपुर। राजस्थानी कला और शिल्प के संरक्षण के साथ साथ प्रदेश के कलाकारों को प्रमोट करने के लिए राजस्थान सरकार की ओर से जवाहर कला केन्द्र का निर्माण किया गया था। लेकिन लगता है कि जवाहर कला केन्द्र अपने उद्देश्य से भटकता हुआ नजर आ रहा है। जेकेके प्रशासन केन्द्र को इंटरनेशनल स्तर का बनाने की बात तो करता है, लेकिन जवाहर कला केन्द्र में अब ना तो राजस्थानी कलाओं को कोई स्थान है और ना ही प्रदेश के कलाकारों को उनकी कला को प्रदर्शित करने के लिए कोई स्थान है। जवाहर कला केन्द्र में प्रदेश के कलाकारों की अनदेखी की जा रही है। इसे लेकर सभी विधाओं के कलाकारों में काफी रोष है। जेकेके प्रशासन की अनदेखी के चलते प्रदेश के कलाकार बुधवार को प्रदर्शन करने पर मजबूर हो गए। जेकेके में प्रशासन की ओर से जेकेके में किए जा रहे कई बड़े बदलाव को भी उन्होंने स्थानीय कलाकारों के लिए मुसीबत बताया।