जैसलमेर। आगामी 28 अप्रैल से आगाज होने वाले तीन दिवसीय परशुराम जयंती समारोह को लेकर प्रचार-प्रसार तेज हो गया है। जयंती के अवसर पर 30 अप्रैल को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के निमंत्रण के लिए घर घर दस्तक देकर पीले चावल बांटे जा रहे हैं। सह मीडिया प्रभारी रमेश शर्मा ने बताया कि ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में 28 अप्रैल से परशुराम जयंती का आगाज होगा।
जवाहर अस्पताल में 28 अप्रैल को रक्तदान शिविर, फल वितरण का आयोजन होगा। वहीं 29 अप्रैल को सोनार दुर्ग की अखे पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। जयंती के अवसर पर 30 अप्रैल को भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के आयोजन को लेकर मोहनगढ़ क्षेत्र में लोगों ने जनसंपर्क कर पीले चावल बांटे। मोहनगढ़ कस्बे में बैठक कर ब्राह्मण बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में जैसलमेर पहुंचने का निमंत्रण दिया गया है। बांकलसर गांव में जयंती के अवसर पर छापे गए पत्रक का भी विमोचन किया गया।