Panic over alleged illegal construction in Pratap Nagar Sector-19; residents outraged by plans for a fifth floor-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्रताप नगर सेक्टर-19 में कथित अवैध निर्माण से दहशत, पांचवीं मंजिल की तैयारी पर भड़के कॉलोनीवासी

khaskhabar.com: रविवार, 28 दिसम्बर 2025 12:55 PM (IST)
प्रताप नगर सेक्टर-19 में कथित अवैध निर्माण से दहशत, पांचवीं मंजिल की तैयारी पर भड़के कॉलोनीवासी
जयपुर। प्रताप नगर सेक्टर-19 के वार्ड नंबर 118 में स्थित एक मकान पर कथित रूप से हो रहे अवैध और सीमा से बाहर निर्माण को लेकर इलाके में गंभीर चिंता का माहौल बन गया है। आरोप है कि मकान नंबर 195/167 पर पहले ही चार मंजिल का निर्माण किया जा चुका है और अब बिना अनुमति पांचवीं मंजिल के निर्माण की तैयारी की जा रही है, जिससे आसपास के मकानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उनका मकान निर्माणाधीन भवन के ठीक बगल में स्थित है। उन्होंने बताया कि मकान के मालिक अनिल कुमार ने कॉर्नर प्लॉट का अनुचित लाभ उठाते हुए दोनों ओर अतिरिक्त और नियमों से परे निर्माण कर लिया है। पीड़ित के अनुसार, लापरवाहीपूर्वक कराए जा रहे निर्माण के चलते उनके मकान को गंभीर क्षति पहुंची है। दीवारों और फर्श में कई स्थानों पर बैठक आ चुकी है और लगभग सभी दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। इससे न केवल उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि परिवार की जान को भी खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि मकान कभी भी गिर सकता है, जिसके चलते पूरा परिवार लगातार भय और मानसिक तनाव में जी रहा है।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य तय सीमा से बाहर किया जा रहा है, जिससे रास्तों, रोशनी और हवा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना-पत्र संबंधित प्रशासन को सौंपते हुए अतिरिक्त निर्माण को तत्काल रोकने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना-पत्र में मांग की गई है कि जब तक प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनके लिए रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही मकान नंबर 195/167 पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement