आमतौर पर शांत कही जाने वाली पश्चिमी सरहद के कई गांवों में बीते दो दिनों
में सीमा सुरक्षा बल के जवानों की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन वह सभी ग्रामीणों
की सुरक्षा के लिए बढ़ाई गई है। ग्रामीणों के मुताबिक दो दिन पूर्व बल के
अधिकारियों ने किसी भी अनजान व्यक्ति की जानकारी पुलिस और प्रशासन को देने
की हिदायत दी है। रात में वाहनों के प्रयोग और ऊंचे स्थानों पर देर रात में
मोबाइल से बात करने पर मनाही की गई है। गांव वाले भी सीमा सुरक्षा बल के
जवानों की समझाइश पर खरा उतर रहे हैं। गांव वाले किसी भी आपात स्थिति के
बिना रात में घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं, वही परिचितों से भी इस बात की
समझाइश कर रहे हैं कि वे सेना के हर आदेश की पालना करें। अपने खेतों के काम
के साथ-साथ सरहदी इलाके का हर ग्रामीण टकटकी लगाए मुल्क की राजधानी से भी
खबरों के जरिये जुड़ा हुआ है। अपने घर, खेत और अपने सामान से ज्यादा सभी को
मुल्क की चिंता है। 1965 और 1971 के युद्ध को देख चुके थार के इन गांवों
में शांति का सन्नाटा है, लेकिन सेना की तैयारियों के बाद सवालों की बाड़
भी गांवों में साफ नजर आ रही है।
अवाम में है जोश और जूनून