North Korea performs live-fire drill on military anniversary as US solidifies Peninsula presence-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कोरियाई प्रायद्वीप में गहराए जंग के बादल, युद्ध रणनीतियों में जुटीं सेनाएं

khaskhabar.com: बुधवार, 26 अप्रैल 2017 11:57 AM (IST)
कोरियाई प्रायद्वीप में गहराए जंग के बादल, युद्ध रणनीतियों में जुटीं सेनाएं
नई दिल्ली। कोरियाई प्रायद्वीप में जंग के बादल गहरा गए हैं। मंगलवार को अपनी सेना की 85वीं वर्षगांठ के मौके पर उत्तर कोरिया ने बड़े हथियारों के साथ अपने पूर्वी तट पर युद्धाभ्यास शुरू किया है। दक्षिण कोरिया की मीडिया के मुताबिक ये उत्तर कोरिया के इतिहास का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास है और इसमें करीब 300-400 विनाशक हथियारों को शामिल किया गया है। तानाशाह किम जोंग उन के प्रशासन ने एक बार फिर अमेरिका को जंग के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है। दूसरी ओर, उत्तर कोरिया से निपटने के लिए अमेरिका की मिसाइल रक्षा प्रणाली ‘थाड’ के कुछ हिस्सों को देश के दक्षिण भाग में उनके निर्धारित क्षेत्रों में ले जाया गया है। जंग की आहट दोनों ओर से जारी जुबानी जंग के बीच इस इलाके में सेनाओं का जमावड़ा जारी है। अमेरिका और उसके सहयोगी देश दक्षिण कोरिया और जापान अलग से युद्धाभ्यास कर रहे हैं। मंगलवार को ही अमेरिकी नौसैनिक बेड़े की सबसे बड़ी परमाणु पनडुब्बियों में से एक उत्तर कोरिया के बुसान बंदरगाह पर पहुंची। अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस कार्ल विन्सन का जंगी बेड़ा भी जल्द ही उत्तर कोरिया को घेरने के लिए पहुंचने वाला है। इसके अलावा यूएस नेवी का युद्धक पोत यूएसएस वेयन मेयर पीले सागर में दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त युद्धाभ्यास में जुटा है। एक और अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस फिट्जगेराल्ड जापानी सागर में टोक्यो की नौसेना के साथ ऐसी ही कवायद में जुटा है। इस बीच दक्षिण कोरिया ने एक वक्तव्य जारी कर बुधवार को को कहा कि इस साल के अंत तक संचालन के लिए मिसाइल रक्षा प्रणाली ‘थाड’ की तैनाती का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि उत्तर कोरिया के बढ़ते परमाणु कार्यक्रम एवं मिसाइल हमले के खतरे से निपटने के लिए दक्षिण कोरिया और अमेरिका ‘थाड’ मिसाइल प्रणाली को जल्द से जल्द तैनात करने की योजना पर एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
ट्रंप की दो-टूक
एक ओर जहां उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अमेरिका के खिलाफ कड़े तेवर अपना रखे हैं, वहीं दूसरी ओर ट्रंप प्रशासन पलक झपकने को भी तैयार नहीं है। प्योंगयोंग पिछले दो सालों में पांच बार परमाणु परीक्षण कर चुका है। इसके अलावा कई मिसाइल टेस्ट भी किये गये हैं। वहीं, ट्रंप प्रशासन ने साफ कहा है कि उत्तर कोरिया के खतरे से निपटने के लिए सभी विकल्प खुले हैं।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement