Noida: Countdown to film city construction begins, foundation stone to be laid soon-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नोएडाः फिल्म सिटी निर्माण की उलटी गिनती शुरू, जल्द रखी जाएगी आधारशिला

khaskhabar.com: गुरुवार, 05 जून 2025 12:45 PM (IST)
नोएडाः फिल्म सिटी निर्माण की उलटी गिनती शुरू, जल्द रखी जाएगी आधारशिला
ग्रेटर नोएडा । यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर- 21 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के पहले चरण का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। निर्माणस्थल पर 10 से अधिक जेसीबी मशीनों और 20 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से भूमि को समतल करने और तारबंदी का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में फिल्म सिटी की आधारशिला रखी जाएगी, जिसकी तैयारी को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के कंसोर्शियम बेब्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस परियोजना का विकास किया जा रहा है। पहले चरण में 230 एकड़ भूमि पर स्टूडियो और अन्य बुनियादी संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। अनुमान है कि एक सप्ताह के भीतर फिल्म सिटी की आधारशिला रख दी जाएगी। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इसी को ध्यान में रखते हुए साइट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत तारबंदी और चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। फिल्म सिटी में विभिन्न प्रकार के स्टूडियो, बाजार, अस्पताल, धर्मस्थल, पुलिस थाना और अन्य आवश्यक ढांचों का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद डेढ़ वर्ष के भीतर इस प्रोजेक्ट को क्रियान्वित करने की योजना है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि यह परियोजना विश्वस्तरीय फिल्म सिटी के रूप में विकसित की जाएगी। पहले चरण में 155 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां और 75 एकड़ में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। फिल्म सिटी को चार अलग-अलग जोनों में विभाजित किया जाएगा। इसमें ग्रीन बेल्ट, आंतरिक सड़कें और इमारतें भी शामिल होंगी।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है और फिल्म सिटी इसका प्रमुख हिस्सा बनने जा रही है। इस परियोजना से न केवल फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। स्थानीय निवासियों और कारोबारियों में इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement