कोझिकोड़। श्रीमती राजे ने एक दिन पूर्व कोझिकोड में अपनी होर्डिंग के साथ सेल्फी लेने वाली प्रवासी राजस्थानी छात्रा निशा चौधरी और उसके साथ पढ़ने वाली मलयाली छात्रा डिम्पल को आज मिलने के लिए बुलाया। मुख्यमंत्री के इस स्नेह भरे आमंत्रण से दोनों छात्राएं अभिभूत हो गई। उन्होंने मुलाकात के दौरान श्रीमती राजे के साथ सेल्फी ली। छात्रा निशा ने बताया कि यहां प्रवासी राजस्थानियों में यूथ आइकन मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के प्रति गहरा क्रेज है।
डेढ़ किमी पैदल चलकर पहुंची मुख्यमंत्री
प्रवासी राजस्थानियों को सम्बोधित करने के लिए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर कार्यक्रम में पहुंची। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सभा में भारी भीड़ होने के कारण सभा समाप्त होने के बाद वहां भारी जाम लग गया। ऐसे में मुख्यमंत्री कार से उतर कर पैदल ही प्रवासी राजस्थानी समाज के समारोह के लिए रवाना हो गई और करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर प्रवासी राजस्थानियों के बीच पहुंची।