कुरुक्षेत्र। हरियाणा
के स्वर्ण जंयती वर्ष के पहले दिन ही सरकार की ओर से कुरुक्षेत्र को
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिजाइन (निफ्ड) तोहफा दिया जाएगा। इस स्वर्ण जंयती
वर्ष के पहले दिन 1 नवंबर 2016 को निफ्ड का शैक्षणिक सत्र शुरू हो
जाएगा।
इस पहले सत्र के लिए 60 विद्यार्थियों का दाखिला किया जाएगा। इसमें
से 54 विद्यार्थियों की सूची संस्थान के अधिकारियों के पास पहुंच गई है। इस
संस्थान की इमारत पर प्रथम चरण में करीब 76 करोड़ का बजट सरकार की तरफ से
खर्च किया जाएगा। अहम पहलू यह है कि इस संस्थान की वैकल्पिक व्यवस्था पॉलिटेक्निक कालेज उमरी में की गई है । इस संस्थान के शुरू होने से कुरुक्षेत्र का नाम पूरे
राष्ट्र में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा। संस्थान की कक्षाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए
उपायुक्त सुमेधा कटारिया की देखरेख युद्धस्तर पर व्यवस्थाएं मुक्कमल की जा
रही है। इन तैयारियों का जायजा लेने के लिए संस्थान के नवनियुक्त
रजिस्ट्रार एवं अतिरिक्त उपायुक्त धर्मवीर सिंह ने बुधवार को निरीक्षण
किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय डिजाइन
संस्थान उत्तर भारत का पहला डिजाइन संस्थान है जिसके शैक्षणिक सत्र का
शुभारंभ हरियाणा के स्वर्ण जंयती वर्ष के पहले दिन से किया जा रहा है। इस
संस्थान के लिए उमरी ग्राम पंचायत ने 20.5 एकड जमीन दी है और 3 एकड
अतिरिक्त जमीन संस्थान को देने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है।
इस
प्रोजेक्ट के प्रथम चरण पर 76 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इस संस्थान की
बिल्डिंग करीब 18 महीनों में तैयार कर ली जाएगी। इसके निर्माण कार्य का
जिम्मा एनबीसीसी केन्द्रीय एजैन्सी को सौंपी गई है। इस एजेन्सी द्वारा
होस्टल का निर्माण कार्य अप्रैल 2017 तक पूरा कर लिया जाएगा।