Nepal plane crash - bodies of 68 people recovered, 12 identified-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नेपाल विमान हादसा - 68 लोगों के शव बरामद, पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया

khaskhabar.com: सोमवार, 16 जनवरी 2023 06:24 AM (IST)
नेपाल विमान हादसा - 68 लोगों के शव बरामद, पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
काठमांडू, । नेपाल के पोखरा में रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए येती एयरलाइंस के विमान के मलबे से बचावकर्मियों ने अब तक कुल 68 शव बरामद किए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरने वाला येती एयरलाइंस का एक एटीआर-72 विमान सुबह करीब 10.30 बजे नयागांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार सभी 72 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 68 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य शामिल थे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नेपाल में हुए विमान हादसे पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने विमान हादसे को लेकर ट्वीट किया और कहा कि "हादसे से बेहद दुखी हूं।" पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, "नेपाल में दुखद विमान दुर्घटना से दुखी हूं, जिसमें भारतीय नागरिकों सहित कई बहुमूल्य जानें चली गईं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।" येती एयरलाइंस के मुताबिक, विमान पुराने हवाईअड्डे और पोखरा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यात्रियों में तीन शिशु, तीन बच्चे और 62 वयस्क शामिल थे।
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, मृतक यात्रियों में 53 नेपाली नागरिक, पांच भारतीय, चार रूसी, एक आयरिश, एक ऑस्ट्रेलियाई और अन्य शामिल हैं। काठमांडू में त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के बचाव समन्वय केंद्र ने कहा कि शेष चार शवों की तलाश की जा रही है। आग से झुलसे 68 शवों में से 12 की पहचान हो गई है।
अधिकारियों ने कहा कि शवों की पहचान के बाद उन्हें उनके परिवार को सौंपने की प्रक्रिया शुरू होगी। कास्की पुलिस अधीक्षक अजय केसी के मुताबिक, 64 पीड़ितों के शवों को पोखरा शहर के पोखरा एकेडमी ऑफ हेल्थ साइंसेज ले जाया गया है। चार अन्य के शवों को खोजने के लिए सशस्त्र पुलिस बल के चार जवानों को सेटी नदी की चट्टान में तैनात किया गया है।
इस बीच, दुर्घटना के बाद रविवार मंत्रिमंडल की एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें दुर्घटना में जान गंवाने वालों के लिए राष्ट्रीय शोक दिवस के रूप में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है।
मंत्रिमंडल की बैठक ने दुर्घटना की जांच के लिए संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पूर्व सचिव नागेंद्र घिमिरे की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि प्रत्येक घरेलू एयरलाइन के विमान उड़ान भरने से पहले कठोर निरीक्षण से गुजरते हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement