जोधपुर। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जोधपुर के बीए एलएलबी डिग्री के नौवें समेस्टर के विधि छात्र मुकुल कृष्ण व्यास को इस वर्ष का ऑल इण्डिया बेस्ट लॉ स्टूडेंट अवार्ड दिया गया है। रजिस्ट्रार सोहनलाल शर्मा ने बताया कि व्यास को यह अवार्ड 3 सितम्बर को नई दिल्ली में आयोजित लॉ-सिम्पोजियम में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस चेलामेश्वर द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर एनएलयू जोधपुर की वाइस चांसलर प्रो. पूनम सक्सेना भी उपस्थित थीं। उन्होंने इसे राजस्थान के लिये गर्व का अवसर बताते हुए एनएलयू जोधपुर के छात्रों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में भी यह अवार्ड एनएलयू जोधपुर के छात्र अभिजय नेगी ने जीता था। जबकि इससे पहले चार साल तक यह अवार्ड एनएलएसआईयू बैंगलोर के छात्र जीत रहे थे। इस अवार्ड के विजेता छात्र को देश के समस्त लॉ फर्म में नौकरी का खुला ऑफर होता है। मुकुल कृष्ण व्यास को यूएस जाने के लिये वजीफा भी दिया जायेगा।