जयपुर। शारदीय नवरात्र की छठ पर शुक्रवार को आमेर स्थित शिला माता के मंदिर में अटूट श्रद्धा का नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां के दर पर शीश नवाया और आशीर्वाद मांगा। सुबह से ही माता के दरबार में भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर जाने वाला मार्ग माता के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालुओं की सुबह से ही दर्शनों के लिए लंबी कतारे लगाना शुरू हो गई थी। आमेर में परंपरागत छठ मेला भरा। हाथों में पुष्प और नारियल लिए बड़ी संख्या में भक्त माता के जयकारे लगाते हुए पहुंचे। पूरा वातावरण माता के भजनों व जयकारों से गूंज रहा था। कुछ भक्त कनक दंडवत करते हुए, तो कुछ पैदल पहुंचे। इस मौके पर शहर एवं आस-पास के क्षेत्रों से पदयात्राएं मां के दरबार में पहुंचीं। पदयात्री हाथों में ध्वज थामे माथे पर जय माता दी लिखी पट्टियां बांधे जयकारे लगाते हुए माता के दरबार में पहुंचे।