Manjit Singh supervised cleanliness system one day before cleanliness survey-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:43 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

स्वच्छता सर्वे से एक दिन पहले मंजीत सिंह ने किया सफाई व्यवस्था का निरीक्षण

khaskhabar.com: बुधवार, 03 जनवरी 2018 8:12 PM (IST)
स्वच्छता सर्वे से एक दिन पहले मंजीत सिंह ने किया सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
जयपुर। स्वायत्तशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव डाॅ मनजीत सिंह ने बुधवार को जयपुर शहर में जगतपुरा, मालवीय नगर, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, किशनपोल बाजार एवं अजमेरी गेट की सफाई व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनें किशनपोल बाजार में स्कूल आॅफ आर्ट्स में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कार्यो का निरीक्षण किया तथा अजमेरी गेट पर लगाये गये ई-टाॅयलेट का एवं मालवीय नगर सेक्टर-3 में उद्यान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य नवीन भारद्वाज, उपायुक्त संगानेर रविन्द्र शर्मा, निरीक्षक नरेश शर्मा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के पश्चात् नगर निगम जयपुर के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर में द्वितीय पारी में सफाई व्यवस्था को ओर अधिक पुख्ता किया जाये। शहर में खाली पड़े प्लाटों की सफाई उनके मालिकों के खर्चे पर करवाई जाये तथा कचरा परिवहन में अतिरिक्त वाहन लगाये जाये एवं रात्रिकालीन कचरा परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाये। रेलवे ट्रेक की सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त टीमों का गठन किया जाये तथा रेलवे ट्रेक के आस-पास पड़ी पाॅलीथीन की थैलियों को अविलम्ब हटवाया जाये। उन्होंने अस्थाई अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिये।
उन्होंने निर्देश दिये कि शहर में स्थित अवैध पशु डेयरियों जो निगम क्षेत्र में चल रही है। उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाये तथा अावारा पशुओं को पकड़ने के लिए नियमित अभियान चलाया जाये। गन्दगी फैलाने वालों से कैरिंग चार्ज की वसूली भी की जाये। उन्होंने कहा कि शहर के एन्ट्री पाइंट, रेलवे ओवर ब्रिज, रेलवे अण्डर ब्रिज एवं फ्लाई ओवर के आस-पास सफाई व्यवस्था पुख्ता की जाये।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों की यूनीफाॅर्म सहित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये साथ ही कहा कि सफाई कर्मचारियों को सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरण मास्क आदि उपलब्ध करवाये जाये एवं यह भी देखा जाये कि वे सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर रहे है या नहीं। उन्होंने कहा कि शहर में 365 दिवस सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके इसके लिए आवश्यक है कि कर्मचारियों का रोस्टर तैयार किया जाये एवं उसी के अनुरूप सफाई व्यवस्था लागू की जाये।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement