make Action plan for Law and order and crime prevention: DGP-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कानून व्यवस्था एवं अपराधों की रोकथाम के लिए बनाएं कार्ययोजना : महानिदेशक पुलिस

khaskhabar.com: गुरुवार, 01 जून 2017 7:22 PM (IST)
कानून व्यवस्था एवं अपराधों की रोकथाम के लिए बनाएं कार्ययोजना : महानिदेशक पुलिस
जयपुर। महानिदेशक पुलिस मनोज भट्ट ने पुलिस अधिकारियों का आह्वान किया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था एवं अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह की कार्ययोजना तैयार करेें कि प्रदेश में सभी अपराधों में कमी आए और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास कायम हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास आने वाले हर परिवादी यह विश्वास लेकर जाए कि उसे अब यहां से पूरा न्याय मिलेगा। भट्ट गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में प्रदेश में कानून व्यवस्था एवं अपराधोंं की समीक्षा के लिए आयोजित अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों एवं आमजन में सही संवाद कायम हो, इसके लिए महानिरीक्षक पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक स्तर पर जनसुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महानिदेशक पुलिस ने अधिकारियों को बधाई दी कि प्रदेश में हरस्तर के अपराधों के प्रतिशत में गिरावट आ रही है। भट्ट ने रेंज पुलिस महानिरीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय में कार्यालय में बैठकर आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को सुनकर न केवल परिवादी की समस्या का निस्तारण करें, अपितु परिवादी की समस्या को रजिस्टर में दर्ज भी करें तथा संबंधित अधिकारी को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश देें। उन्होंने संगीन अपराधों की मॉनीटिरिंग कर यथा शीघ्र खुलासा करने की जरूरत बताते हुए कहा कि संगठित अपराधोंं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करें, जिससे अपराधियों में भय कायम हो सके तथा वे अपराध करने से पूर्व दस बार इस बारे में सोचें। उन्होंने कहा कि शराब माफिया, भू-माफिया, खनन माफिया एवं अन्य माफियाओं के गिरोह प्रदेश में आमजनता को भयभीत कर रहे हैं, इन माफियाओं पर नियंत्रण करने की आवश्यकता है।
अपराध वृद्धि के कारणों का पता लगाएं
महानिदेशक पुलिस ने आपराधिक दृष्टि से वृद्धि वाले जिलों में पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अपराधों की मॉनीटिरिंग स्वयं करें तथा अपराध-वृद्धि के कारणों का पता लगाकर उनकी रोकथाम के उपाय करें। उन्होंने अपराधों की रोकथाम एवं निरोधात्मक कार्रवाई करने के लिए गश्त, नाकाबंदी, हिस्ट्रीशीटर चैकिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने, नाकाबंदी के समय को परिस्थितिनुसार बदलने, अपराध घटित होने पर तुरंत नाकाबंदी करने एवं रात्रि गश्त को और मजबूत बनाने को कहा।
हाईवे पर सख्ती बरतने के निर्देश
उन्होंने हाईवे लूट एवं डकैतियों पर चिंता जताते हुए पुलिस अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के पेट्रोल पंपों एवं एटीएम पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने एवं उनकी मॉनीटरिंग करना सुनिश्चित करें। हाईवे पर होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नशे में वाहन नहीं चलाने, सतर्कता ही बचाव, हाईवे पर एक लाइन ड्राइविंग के लिए जन सहयोग से चेतावनी बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए।
अच्छा परिणाम देने पर मिलेगा प्रोत्साहन
बैठक में अतिरिक्त महानिदेशक एससीआरबी कपिल गर्ग ने प्रदेश में घटित अपराधों पर त्वरित अनुसंधान कर परिणाम देने वाली टीमों के सदस्यों को विशेष प्रोत्साहन देने की बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाए चाहे वे किसी भी स्तर के क्यों न हों। उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
गहनता से हो अपराधों की समीक्षा
अतिरिक्त महानिदेशक अपराध पंकज कुमार सिंह ने कहा कि समस्त जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा अपने क्षेत्र के कार्यों की गहनता से समीक्षा की जाए तो अपराधों पर अकुंश ही नहीं लगेगा, बल्कि फर्जी केसों पर भी लगाम लगाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से ही अपराधी निष्क्रिय होंगे। अतिरिक्त महानिदेशक ने महिला अत्याचारों, अनुसुचित जाति/जनजाति के अत्याचारों के प्रकरणों की भी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर संवेदनशील होने की आवश्यकता जताई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/3
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement