Liquor smuggler caught at Jodhpur station 5 minutes before train departure-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:19 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जोधपुर स्टेशन पर ट्रेन छूटने से 5 मिनट पहले पकड़ा गया शराब तस्कर : हड़पसर सुपरफास्ट के AC कोच से ₹1.03 लाख की 97 बोतलें बरामद

khaskhabar.com: मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 5:41 PM (IST)
जोधपुर स्टेशन पर ट्रेन छूटने से 5 मिनट पहले पकड़ा गया शराब तस्कर : हड़पसर सुपरफास्ट के AC कोच से ₹1.03 लाख की 97 बोतलें बरामद
बिना टिकट गुजरात ले जा रहा था आरोपी जोधपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मंडल टास्क टीम ने जोधपुर रेलवे स्टेशन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन के एसी कोच से अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। ट्रेन रवाना होने में जब महज पांच मिनट का समय शेष था, तभी सतर्क जवानों ने ए-1 कोच में सीट के नीचे छिपाकर रखे पांच बैगों से 72.75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर ली। बाजार में इस शराब की कीमत करीब 1 लाख 3 हजार 150 रुपये आंकी गई है। आरपीएफ ने पाली निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा के अनुसार, यह सफलता आईजी सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (RPF) ज्योति कुमार सतीजा एवं डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सतर्क' व 'नशामुक्त भारत अभियान' के तहत मिली है।
रवानगी से ठीक पहले खुला राज: बर्थ नंबर 17 के नीचे लावारिस दिखे बैगघटना 26 अक्टूबर की रात करीब 9:55 बजे की है। प्लेटफार्म नंबर चार पर खड़ी ट्रेन संख्या 20495 (जोधपुर-हड़पसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) अपने निर्धारित समय पर रवाना होने ही वाली थी। इसी दौरान अपराध रोकथाम हेतु स्टेशन पर गुप्त निगरानी कर रही आरपीएफ मंडल टास्क टीम के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल संजय विश्नोई, कांस्टेबल योगेंद्र और मनीष ए-1 कोच में जांच के लिए पहुंचे।
कोच में सीट नंबर 17 के नीचे संदिग्ध रूप से रखे पांच बैगों पर टीम की नजर पड़ी। संदेह होने पर जब बैग खोलकर तलाशी ली गई, तो उनमें 750 एमएल क्षमता वाली कुल 97 शराब की बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलों पर 'सेल फॉर इन राजस्थान' अंकित था। कुल 72.75 लीटर शराब का आकलन करने पर उसकी अनुमानित कीमत ₹1,03,150 पाई गई।
ड्राई स्टेट गुजरात में खपाने की थी तैयारी, न परमिट था न रेल टिकट
बरामद बैगों के संबंध में जब कोच के यात्रियों से पड़ताल की गई, तो वहीं मौजूद एक यात्री कमल किशोर सोनी (36 वर्ष), निवासी गुड़ा कलां (जिला पाली) ने शराब पर अपना दावा किया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह राजस्थान से सस्ती शराब भरकर गुजरात के साबरमती में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। जांच के दौरान आरोपी के पास न तो शराब परिवहन का कोई वैध परमिट या आबकारी लाइसेंस मिला और न ही उसके पास ट्रेन का वैध यात्रा टिकट पाया गया।
जीआरपी ने आबकारी अधिनियम में दर्ज किया मुकदमा
शराब की खेप जब्त करने के बाद आरपीएफ ने तत्काल जीआरपी कंट्रोल रूम को सूचना दी। जीआरपी के सहायक उप-निरीक्षक भोमाराम मौके पर पहुंचे और विधिवत जब्ती सूची बनाकर शराब व आरोपी को अपनी कस्टडी में लिया।
जीआरपी थाना जोधपुर ने 27 अक्टूबर को आरोपी कमल किशोर सोनी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मुकदमा संख्या 72/2026 दर्ज किया है। मामले का अग्रिम अनुसंधान हेड कांस्टेबल मुन्नालाल को सौंपा गया है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों और तस्करी की रोकथाम के लिए 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement