हनुमानगढ़। दूरवर्ती कस्बा भादरा में ससुराल पक्ष के लोगों पर तंग-परेशान करने का आरोप लगाते हुए एक युवक शुक्रवार को पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर चढ़े युवक ने उस पर ससुराल पक्ष द्वारा दर्ज करवाए गए मुकदमे वापिस लेने व ससुराल पक्ष के लोगों को गिरफ्तार करने की मांग रखी। काफी देर तक जब समझाइश के बाद भी युवक नीचे उतरता न दिखा तो पुलिस ने युवक को बातों में उलझा दो जनों को टंकी पर चढ़ा दिया। दोनों जने युवक को पकडक़र नीचे ले आए। पुलिस ने नीचे उतरते ही युवक को हिरासत में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भादरा के वार्ड नम्बर 11 निवासी नरेश (26) पुत्र रणजीत सोनी का विवाह करीब 10-12 साल पूर्व रावतसर निवासी मोहनलाल सोनी की लडक़ी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही नरेश का अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ विवाद चल रहा है। नरेश पर उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने रावतसर पुलिस थाना में भादंसं की धारा 376 के अलावा कई मुकदमे भी दर्ज करवा रखे हैं। करीब दो पखवाड़े पूर्व नरेश का ससुर मोहनलाल सोनी रावतसर में पेयजल विभाग की टंकी पर चढ़ गया था तथा अपने दामाद पर कार्रवाई की मांग की। तब रावतसर पुलिस नरेश को गिरफ्तार कर ले गई थी। रातभर उसे थाना में रखा। पीछे से कैंसर से पीडि़त नरेश की माता का देहांत हो गया। अगले दिन पुलिस ने नरेश को छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अपने ऊपर दर्ज झूठे मुकदमों से नरेश पिछले कई दिनों से परेशान चल रहा था। इसी से आहत होकर शुक्रवार सुबह नरेश भादरा में गंगासिंहपुरा रोड पर स्थित जलदाय विभाग के उच्च जलाशय पर चढ़ गया। नरेश सोनी ने उस पर दर्ज मुकदमों को वापिस लेने व ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर भादरा सीआई किशन सिंह मय पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। काफी देर तक सीआई ने नरेश से समझाइश कर नीचे उतारने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना तथा अपनी मांग पर अड़ा रहा। मौके पर मौजूद कुछ मौजीज लोगों की सलाह पर सीआई किशनसिंह ने नरेश को फोन कर उसे बातों में उलझाए रखा। इसी दौरान सलीम खां व दारा सिंह नामक दो युवक किसी तरह टंकी पर चढ़े तथा नरेश सोनी को पकड़ लिया। उसने विरोध भी किया लेकिन दोनों उसे नीचे ले आए। पुलिस नरेश सोनी को गिरफ्तार कर थाना ले गई। उसके खिलाफ पुलिस थाना में टंकी पर चढक़र आत्महत्या की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े :रिश्वत के आरोप में जेल गया था सरपंच, लौटा तो ऐसे हुआ स्वागतयह भी पढ़े :आखिर दो नाबालिग लड़कियां क्यों बोलीं- प्लीज... हमें घर नहीं जाना