khaskhabar.com: रविवार, 27 नवम्बर 2016 11:08 AM (IST)
हिसार। सरकार द्वारा जरूरतमंदों को रियायती दर पर दिए जाने वाले राशन को बांटने के लिए डिपोधारक आतुर हैं। वे वितरण के लिए सरकार की आधुनिक तकनीक से भी नाखुश नहीं हैं, मगर वितरण के वक्त मशीनों में आने वाली तकनीकी खामियों के चलते डिपोधारक और राशन कार्ड धारकों में कई बार बहस हो जाती है, फिर भी डिपोधारक जरूरतमंदों को राशन वितरण करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे।
यहां तक कि शहर में अनेक स्थानों पर तो डिपोधारक रात के वक्त ऑनलाइन प्रणाली से राशन वितरित कर रहे हैं। उनका तर्क है कि सुबह के वक्त ऑनलाइन प्रणाली के चलते प्रदेशभर से सिस्टम ऑनलाइन होता है। सर्वर की क्षमता अपेक्षाकृत कम होने से बार-बार तकनीकी खामियां आती हैं। ऐसे में डिपोधारकों का कहना है कि जरूरतमंद के घर चूल्हा जले और वे भरपेट भोजन कर सकें, इसलिए वे रात को 12 बजे तक राशन बांट रहे हैं। इस प्रयास में आमजन भी उनका सहयोग कर रहे हैं, मगर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने पर स्थिति विपरीत हो जाती है। इसी के चलते बीती देर शाम भी असामाजिक तत्वों ने डिपोधारक के बेटे पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। बाद में लोगों की मदद से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बाद में परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। चिकित्सकों के अनुसार पीडि़त की हालत में फिलहाल सुधार है।
साली के प्यार के लिए पत्नी की कर दी हत्या...जानें फिर क्या हुआ ?