khaskhabar.com: गुरुवार, 05 जनवरी 2017 12:16 PM (IST)
शिमला। शिमला जिले के रामपुर में भूस्खलन से 4 मजदूरों की मौत हो गई है। हादसा रामपुर से लगभग 70 किलोमीटर दूर दुर्गम काशापाट क्षेत्र में पूना-ढोगरी सडक़ मार्ग की खुदाई के दौरान पहाड़ी पर से मलबा गिरने से हुआ। इस दुर्घटना में चारों मजदूर जिंदा दफन हो गए। मृतकों में नेपाली मूल के अजय, लोकेंद्र, देवेंद्र और राम बहादुर शामिल हैं। इस सडक़ का निर्माण कार्य ठेकेदार राजेंद्र नेगी द्वारा करवाया जा रहा था।
प्रशासन की टीमों ने बचाव कार्य चलाया लेकिन अभी तक शवों को नहीं निकाला जा सका है। रामपुर के डीएसपी सोमदत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रामपुर से पुलिस दल मौके लिए रवाना हो गया है तथा शवों को मलबे से निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। खराब मौसम की वजह से बचाव कार्य में बाधा आ रही है, जिस वजह से शवों को अभी तक बाहर नहीं निकाल जा सका। उन्होंने बताया कि इन मजदूरों को ठेकेदार ने काम पर लगाया था। घटनास्थल पर मौजूद लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन केके कौशल ने बताया कि निर्माण कार्य दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।