चंडीगढ। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के विकास के दावे की धज्जियां उडाते हुए कहा कि यह शर्मनाक है कि राज्य के कई इलाकों में पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है।
केजरीवाल ने पंजाब के फाजिल्का जिले के तेजा रूहेला गांव में कहा, यह शर्मनाक है कि जीवन की मूलभूत जरूरत, पीने का पानी भी यहां उपलब्ध नहीं है।
आम आदमी पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि केजरीवाल इस गांव में राज्य के विकास के दावों की पडताल करने आए थे। उन्होंने पाया कि इलाके के कई गांवों में पीने का साफ पानी तक उपलब्ध नहीं है। इससे इन क्षेत्रों में रहने वाले ज्यादातर परिवार दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की चपेट में हैं।
केजरीवाल गुरूवार से पंजाब का दौरा कर रहे हैं। वह 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की पांच दिन की राजनीतिक यात्रा पर हैं। आप के प्रवक्ता ने दावा किया कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में पडने वाले तेजा रूहेला गांव में दूषित पानी के कारण कई बच्चों की आंखें खराब हो गई है।