Kejriwal should apologize for his statement: Badauli-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 3:46 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

केजरीवाल को अपने बयान के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए : बड़ौली

khaskhabar.com: मंगलवार, 28 जनवरी 2025 4:57 PM (IST)
केजरीवाल को अपने बयान के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए : बड़ौली
चंडीगढ़। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के हरियाणा को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें झूठ की चलती फिरती दुकान बताया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल झूठ के पर्यायवाची बन गए है और वो झूठ की राजनीति का जीता जागता उदाहरण है। बडौली ने कहा कि झूठ बोलना केजरीवाल की फितरत बन गई है, केजरीवाल जब से राजनीति में आए है सिवाय झूठ बोलने के कोई काम नहीं किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केजरीवाल के 11 बड़े झूठ गिनाते हुए कहा कि अवसरवादी केजरीवाल ने सबसे पहले ईमानदार और देशभक्त अन्ना हजारे के आन्दोलन का लाभ उठाया और सबको ईमानदारी का पाठ पढ़ाते-पढ़ाते वो भारतीय इतिहास के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री साबित हुए। बडौली ने कहा कि केजरीवाल ने सीएम बनने से पहले कहा कि वो लाल बत्ती की गाडी नहीं लेंगे, लेकिन सीएम बनते ही बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूमने लगे और खुद को आम आदमी बताने वाले केजरीवाल शीशमहल में ऐशो आराम करने लगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केजरीवाल महिला सम्मान की बात करते हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को अपने शीशमहल में बुलाकर अपने सहयोगियों से उन्हें प्रताड़ित करवाते हैं। मोहल्ला क्लिनिक का झूठा ढोल पीटते हैं, लेकिन दिल्ली के लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं देते है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि केजरीवाल ने इन दस सालों में एक भी नई बस नहीं चलवाई और ना ही पीएम मोदी की हर घर नल से जल योजना को दिल्ली में लागू किया। केजरीवाल सरकार ने झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों को घर नहीं दिया। बडौली ने कहा कि केजरीवाल ने तो कहा था कि 2025 तक वो यमुना को साफ़ कर देंगे लेकिन अब जब यमुना साफ़ नहीं कर पाए और दिल्ली में अपनी सत्ता जाती देखकर वो बौखला गए है और हरियाणा की जनता पर झूठा दोष मढ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यमुना सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि हर हरियाणवी के लिए मां समान है और हम इसकी पूजा करते है, इसमें जहर नहीं मिलाते। बडौली ने कहा कि ज़हर तो केजरीवाल की सोच में है, उन्हें शर्म आनी चाहिए जिस हरियाणा की पावन मिटटी में उन्होंने जन्म लिया उसी पवित्र भूमि के लोगों का वो अपमान कर रहे है। बड़ौली ने कहा कि केजरीवाल को अपने बयान के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement