khaskhabar.com: शुक्रवार, 20 जनवरी 2017 5:38 PM (IST)
बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कौवे परेशान किए हुए हैं। एक कौवे की वजह से पहले उन्हें अपनी गाड़ी बेचनी पड़ी थी, और अब कौवे ने उनके ऊपर ही बींट कर दी। यह भी ऐसे अवसर पर जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया एक प्रॉजेक्ट का उद्घाटन करने के लिए मंगलुरु के नजदीक मंजेश्वर पहुंचे थे। यहां कार्यक्रम के दौरान एक कौवे ने उन पर बींट कर दी। इसके बाद एक अन्य नेता उठे और उनके कपड़ों से बींट साफ की।
इससे पहले, सिद्धारमैया ने अपनी सरकारी कार उस वक्त बेच दी थी, जब उस पर एक कौवा आकर बैठ गया था। घटना बीते साल की है। मुख्यमंत्री की कार पर यह कौवा 2 जून को उस वक्त देखा गया था जब गाड़ी उनके सरकारी बंगले ‘कृष्णा’ में पार्क थी।
कौवा करीब एक घंटे तक कार की बोनट पर बैठा रहा और उसे उड़ाने के लिए सीएम के स्टाफ को अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में सीएम के लिए नई टोयोटा फॉच्र्यूनर का ऑर्डर दिया गया, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये के करीब थी।