jaipur news : increased two months Duration of three schemes including electric amnesty -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:30 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

विद्युत एमनेस्टी सहित तीन योजनाओं की अवधि दो माह बढ़ी

khaskhabar.com: शनिवार, 28 अप्रैल 2018 4:37 PM (IST)
विद्युत एमनेस्टी सहित तीन योजनाओं की अवधि दो माह बढ़ी
जयपुर। जयपुर डिस्कॉम ने विद्युत उपभोक्ताओं के लिए लागू तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की अवधि को 30 जून, 2018 तक बढ़ा दिया है, ताकि अधिक से अधिक संख्या में उपभोक्ता इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। पूर्व में योजनाएं 30 अप्रैल, 2018 तक ही प्रभावी थीं। जयपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक आर.जी. गुप्ता ने बताया कि योजनाओं के प्रति उपभोक्ताओं के अच्छे रुझान को देखते हुए एमनेस्टी योजना, स्वैच्छिक भार वृद्धि एवं श्रेणी परिवर्तन घोषणा योजना और लंबित वीसीआर निस्तारण योजना की अवधि दो माह बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। विद्युत एमनेस्टी योजना
योजना के तहत अघरेलू, औद्योगिक एवं मिक्स्ड लोड श्रेणी के 31 मार्च, 2017 तक कटे हुए कनेक्शन के उपभोक्ता तथा घरेलू, कृषि, एसआईपी (ग्रामीण) श्रेणी व केन्द्र एवं राज्य सरकार के विभागों के किसी भी श्रेणी के विद्युत कनेक्शन के नियमित, कटे हुए कनेक्शन के उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिलेगा, चाहे उनके कनेक्शन कभी भी कटे हों। बिजली की बकाया राशि एकमुश्त जमा करवाने पर ब्याज व पैनल्टी में शत-प्रतिशत छूट देय होगी। उपभोक्ता अपने कटे हुए कनेक्शन को नियमानुसार जुड़वा भी सकते हैं।

लंबित वीसीआर निस्तारण योजना

वीसीआर निस्तारण की विशेष योजना अब 31 दिसम्बर, 2017 तक की लंबित वीसीआर पर भी लागू होगी। पूर्व में यह योजना 30 जून, 2016 तक लंबित वीसीआर के निस्तारण के लिए ही लागू थी। इस सरल व विशेष योजना के तहत 50 हजार रुपए तक की वीसीआर राशि पर 50 प्रतिशत एवं वीसीआर की राशि 50 हजार रुपए से अधिक होने पर 50 हजार रुपए का 50 प्रतिशत व 50 हजार से अधिक राशि पर 10 प्रतिशत राशि जमा करवाकर वीसीआर का 30 जून, 2018 तक अंतिम निस्तारण करवाया जा सकता है।

स्वैच्छिक भार वृद्धि एवं श्रेणी परिवर्तन घोषणा योजना

निरंतर विद्युत आपूर्ति, गुणवत्ता में वृद्धि एवं उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से लागू योजना की अवधि को दो माह बढ़ाया गया है। श्रेणी परिवर्तन घोषणा के तहत घरेलू श्रेणी के उपभोक्ता, जो अघरेलू श्रेणी में विद्युत का उपभोग कर रहे हैं, वे सामान्य दरों पर कनेक्शन को अघरेलू श्रेणी में परिवर्तित करवा सकते हैं। स्वैच्छिक भार वृद्धि घोषणा के तहत कृषि उपभोक्ता एक वर्ष से अधिक अवधि के कृषि कनेक्शनों को बिना पैनल्टी के मात्र 30 रुपए प्रति हार्स पावर धरोहर राशि (15 रुपए प्रति हार्स पावर प्रति माह की दर से दो माह के लिए) जमा करवाकर भार को नियमित करवा सकते हैं और जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन को एक वर्ष नहीं हुआ है, उनको बढ़े हुए भार पर धरोहर राशि के अतिरिक्त कृषि नीति के अनुसार नियमितीकरण शुल्क भी जमा कराना होगा। आर.जी. गुप्ता ने आशा जताई है कि योजनाओं की बढ़ाई गई अवधि का अधिक से अधिक संख्या में उपभोक्ता लाभ उठाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement