IPL 2018. SRH vs RCB: Sunrisers Hyderabad win by 5 runs-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

IPL -11 : एक बार फिर चमके हैदराबाद के गेंदबाज, बेंगलोर की 5 रनों से हार

khaskhabar.com: मंगलवार, 08 मई 2018 08:05 AM (IST)
IPL -11 : एक बार फिर चमके हैदराबाद के गेंदबाज, बेंगलोर की 5 रनों से हार
हैदराबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बार फिर साबित किया है कि उसका गेंदबाजी आक्रमण सबसे शानदार है और किसी भी स्कोर का बचाव करने में सक्षम हैं। राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद के बल्लेबाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के सामने 20 ओवरों में 146 रन ही बना पाए थे, लेकिन मेजबान टीम के गेंदबाजों ने दिग्गज बल्लेबाजों से सजी बेंगलोर को 20 ओवरों में छह विकेट पर 141 रनों पर सीमित कर पांच रनों से मैच अपने नाम कर लिया। इस हार के बाद बेंगलोर की प्लेऑफ में जाने की संभावना बेहद कम हो गई है। उसे अब अपने बाकी के बचे सारे मैचों में जीत हासिल करने के साथ ही दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना होगा।
हैदराबाद ने छोटे लक्ष्य का बचाव इस सीजन में पहली बार नहीं किया। वो इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी 118 रनों के स्कोर को बचा चुकी है। अपने गेंदबाजों की क्षमता पर भरोसा कर मैदान पर उतरे हैदराबाद के कप्तान केन विलियसन को तीसरे ओवर में भी अच्छी शुरुआत की भनक लग गई।
शाकिब अल हसन (चार ओवर, 36 रन दो विकेट) ने पार्थिव पटेल (20) को पवेलियन भेज दिया। गेंदबाजों ने रन गति को ज्यादा आगे नहीं जाने दिया था और इसलिए बेंगलोर के दूसरे सलामी बल्लेबाज मनन वोहरा (20) तथा कप्तान विराट कोहली (39) रनों के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसी संघर्ष के बीच संदीप शर्मा (चार ओवर, 20 रन, एक विकेट) ने मनन को बोल्ड कर बेंगलोर को परेशानी की शुरुआत कर दी। मनन 60 के कुल स्कोर पर आउट हुए।
इसी परेशानी में शाकिब ने कोहली को युसूफ पठान के हाथों कैच करा बेंगलोर को 74 रनों के कुल स्कोर पर तीसरा और बड़ा झटका दिया। कोहली ने 30 गेंदें खेली जिन पर पांच चौके और एक छक्का लगया।
दारोमदार अब्राहम डिविलियर्स पर था, लेकिन राशिद खान (चार ओवर, 31 रन एक विकेट) की बेहतरीन गुगली ने उन्हें जिम्मेदारी नहीं निभाने दी और पांच के निजी स्कोर पर डिविलियर्स को पवेलियन में बैठा दिया। मोइन अली अपने पहले मैच में सिर्फ 10 रन बना पाए। वो 84 के कुल स्कोर पर सिद्धार्थ कौल (चार ओवर, 25 रन एक विकेट) का शिकार बने।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement