टोंक।
महाराष्ट्र की तर्ज पर टोंक में भी गुरुवार को श्रीगणेशजी की नौ फीट ऊंची
प्रतिमा सहित 21 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन चतुर्भुज तालाब में किया जाएगा।
धर्मोत्थान सेवा समिति टोंक के तत्वावधान में पिछले काफी सालों से दस
दिवसीय श्रीगणेश महोत्सव मनाया जा रहा हैं, जिसके तहत श्रीगणेश चतुर्थी से
शुरू होकर अन्नत चतुदर्शी को श्रीगणेश महोत्सव का समापन श्रीगणेश प्रतिमा
विसर्जन से होता है।
धर्मोत्थान सेवा समिति टोंक द्वारा इस साल भी नौ
फीट ऊंची श्रीगणपति की प्रतिमा तैयार की गई है। इसके अलावा टोंक शहर के 21
मंदिरों में श्रीगणपति की प्रतिमाओं की स्थापना श्रीगणेश चतुर्थी को की गई
थी। भव्य शोभायात्रा श्रीयज्ञ के बालाजी टोंक से शाम चार बजे रवाना होगी।
जो बड़ा कुआं, नौशेमियां का पुल, काफला बाजार, पंाच बत्ती, सुभाष बाजार
होती हुई घंटाघर पहुंचेगी। वहां श्रीगणपति बप्पा मोरिया की शोभायात्रा का
स्वागत होगा। वहां जनमंच की ओर से धर्मोत्थान समिति के पदाधिकारियों सहित
विशेष सहयोगियों का सम्मान किया जाएगा। इसमें श्रीरामद्वारा टोंक के संत
श्रीरामनिवास महाराज, सांसद सुखबीरसिंह जौनापुरिया, टोंक विधायक अजीतसिंह
मेहता, देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, वरिष्ठ समाजसेवी सीताराम
अग्रवाल अतिथि होंगे। इसके बाद शोभायात्रा पुराने बस स्टैंड होती हुई
श्रीचतुर्भुज तालाब पहुंचेगी। वहां श्रीगणपति बप्पा मोरिया की जयकारों के
बीच श्रीगणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।