Illegal Mining Continues Unabated in Banshi Paharpur, Government Machinery Remains a Silent Spectator.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:29 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बंशी पहाड़पुर में अवैध खनन का काला खेल बेखौफ जारी, सरकारी तंत्र बना मूकदर्शक

khaskhabar.com: शुक्रवार, 26 दिसम्बर 2025 3:58 PM (IST)
बंशी पहाड़पुर में अवैध खनन का काला खेल बेखौफ जारी, सरकारी तंत्र बना मूकदर्शक
बयाना। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सख्त निर्देशों के बावजूद बयाना विधानसभा क्षेत्र के बंशी पहाड़पुर में अवैध खनन का खेल पूरी दबंगई के साथ चल रहा है। पहाड़ों को छलनी कर ब्लास्टिंग के जरिए बड़े-बड़े पत्थर निकाले जा रहे हैं और भारी मशीनों से दिन-रात खनन किया जा रहा है। हकीकत यह है कि कुछ खदानें जहां सरकार से स्वीकृत बताई जा रही हैं, वहीं बड़ी संख्या में खनन कार्य पूरी तरह अवैध रूप से संचालित हो रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार रॉयल्टी ठेकेदार की खनन विभाग, माइंस विभाग, वन विभाग और पुलिस प्रशासन के कुछ अधिकारियों से गहरी साठगांठ है। इसी गठजोड़ के चलते न तो छापे पड़ रहे हैं और न ही कोई ठोस कार्रवाई हो रही है। सरकारी मशीनरी मानो अवैध खनन माफिया के आगे नतमस्तक नजर आ रही है। बंशी पहाड़पुर के पहाड़ों से निकाले गए विशाल पत्थरों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों में भरकर रुदावल, खेरिया मोड़ और ब्रह्मबाद होते हुए बयाना के रीको क्षेत्र में खुलेआम बेचा जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि सैकड़ों की संख्या में पत्थरों से लदे ट्रक रुदावल, खेरिया मोड़ और बयाना थाने तथा वन विभाग के सामने से गुजरते हैं, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं होती कि उन्हें रोका जाए।
यह पूरा खेल न केवल सरकार को लाखों रुपये के राजस्व नुकसान में डाल रहा है, बल्कि क्षेत्र की सड़कों को भी बुरी तरह तबाह कर रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और आम नागरिकों का जीवन दूभर हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित ज्ञापन दिए गए, लेकिन हर बार शिकायतें फाइलों में दफन हो गईं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मुख्यमंत्री स्वयं अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के आदेश दे चुके हैं, तो बंशी पहाड़पुर में यह अवैध कारोबार किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है? क्या प्रशासनिक लापरवाही पर कोई जवाबदेही तय होगी या फिर पहाड़ यूं ही कटते रहेंगे और सरकारी खजाना लुटता रहेगा?
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे या बंशी पहाड़पुर का यह काला सच यूं ही धूल में दबा दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement