Advertisement
जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल का होगा ऐतिहासिक कायापलट : 90 साल पुरानी जर्जर इमारतें टूटेंगी, 30 लाख मरीजों की सुविधा के लिए बनेंगे 10 से 14 मंजिला तीन आधुनिक टावर

निर्माण के दौरान 24 मंजिला आईपीडी टावर में शिफ्ट होंगी चिकित्सा सुविधाएं
जयपुर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल की करीब 90 साल पुरानी जर्जर इमारतों का अब पूर्ण कायापलट होने जा रहा है। प्रतिवर्ष इलाज के लिए आने वाले 30 से 32 लाख मरीजों को अलग-अलग बिल्डिंगों में जांच और उपचार के लिए भटकने से निजात दिलाने के लिए अस्पताल का नया 30 वर्षीय मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग, बांगड़ परिसर और नॉर्थ-साउथ विंग ओपीडी की पुरानी चार मंजिला इमारतों को तोड़कर उनकी जगह आईपीडी (IPD) टावर की तर्ज पर 10 से 14 मंजिला तीन आधुनिक टावर बनाए जाएंगे। इस कार्य के लिए राज्य सरकार की नोडल एजेंसी पीडीकोर (PDCOR) के साथ मिलकर देश की एक प्रतिष्ठित हॉस्पिटल डिजाइनिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंसी फर्म द्वारा सर्वे किया जा रहा है।
तीन चरणों में बनेंगे तीनों आधुनिक टावर; एक ही छत के नीचे जुड़ेंगे सभी 25 विभागतीन फेज का निर्माण प्लान: सर्वे के आधार पर तीन चरणों में कुल तीन इंटर-कनेक्टेड (आपस में जुड़े हुए) टावर तैयार किए जाएंगे। फेज-1 में 10 लाख 75 हजार 197 वर्गफुट, फेज-2 में 11 लाख 36 हजार 367 वर्गफुट तथा फेज-3 में 10 लाख 75 हजार 197 वर्गफुट क्षेत्रफल में आधुनिक निर्माण होगा। इससे कम जमीन में अधिक क्षमता वाला अत्याधुनिक अस्पताल विकसित होगा।
मास्टर प्लान के प्रमुख बिंदु:
सभी विभागों का एकीकरण: वर्तमान में अलग-अलग ब्लॉकों में बिखरे सभी 25 विभागों को आपस में जोड़ा जाएगा, ताकि मरीजों और मेडिकल स्टाफ को बार-बार इमारतें न बदलनी पड़ें।
सेंट्रलाइज्ड किचन व लॉन्ड्री: भर्ती मरीजों को एक समान गुणवत्ता का निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने के लिए किचन तथा आईसीयू व वार्डों के बेड लिनेन की समयबद्ध धुलाई के लिए लॉन्ड्री सेवाओं को सेंट्रलाइज्ड किया जाएगा।
अलग-अलग मूवमेंट और सोलर सिस्टम: एम्बुलेंस, फायर सेफ्टी, मरीजों, पैदल राहगीरों और स्टाफ की आवाजाही के लिए पृथक मार्ग (डेडिकेटेड कॉरिडोर) बनेंगे। बिजली खर्च घटाने के लिए सोलर पावर सिस्टम लगेगा और नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) के मानकों के अनुसार मेडिकल छात्रों के शोध व फैकल्टी के लिए विशेष स्थान आरक्षित रहेगा।
पार्किंग क्षमता होगी दोगुनी: वर्तमान में अस्पताल परिसर में 540 कारों और 900 दोपहिया वाहनों सहित कुल 1,440 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था है, जिसे नए प्लान में बढ़ाकर दोगुना किया जाएगा।
क्यों जरूरी हुआ री-डेवलपमेंट? 1936 में बने भवन पर बढ़ता बोझ और 10 करोड़ सालाना का मेंटेनेंस खर्च
मरीजों का भारी दबाव और जर्जर व्यवस्थाएं: वर्ष 1936 में स्थापित एसएमएस हॉस्पिटल में आज प्रतिवर्ष 30 से 32 लाख मरीज ओपीडी में आते हैं, करीब पौने 2 लाख मरीज भर्ती होते हैं और 1.5 लाख से अधिक ऑपरेशन किए जाते हैं। यहां 25 विभागों के तहत 102 वार्डों (76 जनरल व 26 आईसीयू) में कुल 2,577 बेड (2,150 जनरल व 427 आईसीयू) तथा धनवंतरी के पांचवें फ्लोर पर 86 कॉटेज बेड संचालित हैं।
सीवरेज, सीलन और सुरक्षा मानकों की चुनौती: पुरानी इमारतों की मरम्मत पर हर साल 10 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद सीलन, गलन, जर्जर सीवरेज लाइन और पेयजल पाइपलाइन पर बढ़ते दबाव की समस्या बनी रहती है। इसके अतिरिक्त, कई वार्ड और आईसीयू एनएमसी के नवीन मानकों के अनुरूप नहीं हैं; कई स्थानों पर फायर स्प्रिंकलर की कमी, एकल निकासी द्वार तथा बेड के बीच पर्याप्त दूरी व नेगेटिव-प्रेशर आइसोलेशन बेड का अभाव बड़ी चुनौती बना हुआ है।
निर्माण के दौरान कहां होगा इलाज? अगले साल शुरू होने वाले आईपीडी टावर में शिफ्ट होंगी सुविधाएं
प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने स्पष्ट की कार्ययोजना: एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने मीडिया को बताया कि अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 24 मंजिला आईपीडी टावर लगभग बनकर तैयार हो चुका है और अगले साल इसका संचालन शुरू हो जाएगा। जब पुराने भवनों को तोड़कर री-डेवलपमेंट कार्य प्रारंभ होगा, तब मरीजों की सुविधा के लिए चिकित्सा सेवाओं को चरणबद्ध रूप से इस नए आईपीडी टावर में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने आंतरिक व बाह्य विकास कार्यों के लिए फिलहाल 150 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, वहीं महिला चिकित्सालय व कैंसर सेंटर के प्रोजेक्ट लगभग पूर्ण हो चुके हैं और जनाना अस्पताल में भी निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


