Haryana will get relief from stray animals, the government has taken these steps...-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हरियाणा में आवारा पशुओं से मिलेगी निजात, सरकार ने उठाए ये कदम...

khaskhabar.com: गुरुवार, 02 जनवरी 2025 6:31 PM (IST)
हरियाणा में आवारा पशुओं से मिलेगी निजात, सरकार ने उठाए ये कदम...
चंडीगढ़। हरियाणा के पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने आवारा पशुओं की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस योजना की घोषणा की है। प्री-बजट चर्चा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए सभी शहरों को आवारा पशुओं से मुक्त करना होगा। उन्होंने इन पशुओं को गोशालाओं में भेजने और पुनर्वास प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। जियो टैगिंग और नई गोशालाओं का निर्माण मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आवारा पशुओं की पहचान और ट्रैकिंग के लिए जियो टैगिंग का इस्तेमाल करें। साथ ही, राज्य में और अधिक गोशालाओं के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इस कदम से न केवल मवेशियों की देखभाल में सुधार होगा बल्कि सड़कों पर बढ़ती समस्या का भी समाधान होगा।
स्थानीय नस्लों को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में मंत्री ने हरियाणा की स्थानीय नस्लों जैसे हरियाणा गाय और मुर्रा भैंस के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को उन्नत पशु चिकित्सालय, विशेष पशु प्रजनन केंद्र और मेगा गौशालाओं की स्थापना की योजना बनाने के निर्देश दिए। यह पहल राज्य की देशी नस्लों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पशुधन बीमा योजना में नई पहल
राज्य सरकार अनुसूचित जाति के परिवारों द्वारा पाले जाने वाले भेड़, बकरी और सूअर जैसे पशुओं का नि:शुल्क बीमा करने की योजना बना रही है। मंत्री ने पशुधन बीमा योजनाओं में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने को कहा।
मोबाइल पशु चिकित्सालय
बैठक के दौरान यह भी घोषणा की गई कि राज्य में मोबाइल पशु चिकित्सालय शुरू किए जाएंगे। पशुधन की चिकित्सा देखभाल को और अधिक सुलभ और व्यापक बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
पशुपालन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की योजना
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य पशुपालन क्षेत्र को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि पशुधन और किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। योजनाबद्ध तरीके से काम करके इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा। हरियाणा सरकार के इन प्रयासों से न केवल आवारा पशुओं की समस्या का समाधान होगा बल्कि पशुपालकों की आय में वृद्धि और स्थानीय नस्लों का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा। यह कदम हरियाणा में पशुपालन क्षेत्र के लिए एक नया युग लाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement