Haryana emerging as startup eco system center: Sanjeev Kaushal-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:27 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

स्टार्टअप ईको सिस्टम केन्द्र के रूप में उभर रहा हरियाणाः संजीव कौशल

khaskhabar.com: मंगलवार, 04 अप्रैल 2023 7:28 PM (IST)
स्टार्टअप ईको सिस्टम केन्द्र के रूप में उभर रहा हरियाणाः संजीव कौशल
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के सर्वे, कृषि-बागवानी फसलों और सुरक्षा उद्देश्यों के लिए ड्रोन इमेजिंग एंड इंफॉर्मेशन सर्विस ऑफ हरियाणा लिमिटेड (दृश्य) की शुरुआत की है। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने चंडीगढ़ में स्टार्टअप संगोष्ठी और उद्योग प्रज्वलित-2023 का उद्घाटन करते हुए कहाकि भारत सरकार ने खराब मौसम के कारण फसलों की उपज और नुकसान को समझने के लिए ड्रोन का उपयोग करने और फोटो कैप्चर करने की जरूरत पर बल दिया है ताकि किसानों को उसके हिसाब से मुआवजा दिया जा सके। मुख्य सचिव ने कहाकि ड्रोन इमेजिंग एंड इंफॉर्मेशन सर्विस ऑफ हरियाणा लिमिटेड (दृश्य) राज्य में युवाओं को पायलट ड्रोन प्रशिक्षण देगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। राज्य सरकार अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने और राज्य में स्थायी खनन अभ्यास को सुनिश्चित करने के लिए भी ड्रोन का उपयोग कर रही है। राज्य में पराली जलाने पर निगरानी और रोकथाम के लिए ड्रोन का उपयोग हो रहा है। इससे पराली जलाने के मामले पिछले साल की तुलना में 47 फीसदी कम हो गए हैं। वर्तमान में हम पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह समाप्त करने की ओर बढ़ रहे हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि हरियाणा देश में स्टार्टअप इकोसिस्टम के प्रमुख केन्द्र के रुप में उभर रहा है। हरियाणा भारत की आबादी का सिर्फ 2 प्रतिशत है। लेकिन, प्रदेश केंद्र सरकार को कुल जीएसटी का 6.5 प्रतिशत हिस्सा देता है। जो खुद राज्य की औद्योगिक प्रगति के बारे में दर्शाता है। पहले हर कोई बेंगलुरु के बारे में बात करता था लेकिन अब लोग ज्यादातर गुरुग्राम के बारे में बात करते हैं।
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहाकि राज्य सरकार ने स्टार्टअप संस्कृति के लिए वित्तीय और गैर-वित्तीय प्रोत्साहन दोनों तरह का ढांचा उपलब्ध करवाया है। राज्य में 15 से 59 वर्ष के कामकाजी आयु वर्ग की 65 प्रतिशत आबादी उत्पादक जनशक्ति है। राज्य सरकार ने स्टार्टअप्स वेयरहाउस, इनोवेशन कैंपस और मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना को भी प्रोत्साहन देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालयों में इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना कर रही है। सरकार विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने का कार्य कर रही है। हमने हाल ही में कौशल विकास और आईटीआई विभाग का नाम बदलकर युवा अधिकारिता और उद्यमिता विभाग किया है।
युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. विजय दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हाल ही बजट भाषण में घोषणा की है कि युवाओं में उद्यमिता, स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए ऊष्मायन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ-साथ आवश्यकता अनुसार कौशल, व्यक्तित्व और कम्नीकेशन स्किल्स को भी तराशा जाएगा। इसके साथ-साथ बैंकों, वित्तीय संस्थानों और उद्यम से ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। ड्रोन इमेजिंग और सूचना सेवा के सीईओ टी. एल. सत्यप्रकाश ने ड्रोन इमेजिंग एंड इंफॉर्मेशन सर्विस ऑफ हरियाणा लिमिटेड (दृश्य) द्वारा कार्यान्वित परियोजनाओं का विवरण दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement