राजसमंद। चित्तौडग़ढ़ के श्यामदास बैरागी हल्दीघाटी वेदान रन टू ब्रीथ हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले अनूठे धावक होंगे। वे हल्दीघाटी वेदान रन टू ब्रीथ हाफ मैराथन में उल्टा दौड़ंगे। मैराथन रविवार को महाराणा प्रताप की युद्ध स्थली रक्त तलाई से शुरू होगी। इसका आयोजन रोयोन सामाजिक संस्था ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, वेदान इंडिया और सेलिब्रेशन माल के सहयोग से किया है। यह जानकारी रोयोन के प्रमुख डॉ. अमीद मुराद ने दी। बैरागी इससे पहले उदयपुर, राजकोट, इंदौर, जयपुर, दिल्ली और मुंबई हाफ मैराथन में हिस्सा ले चुके हैं और उल्टा दौड़ कर आकर्षण का केंद्र रहे हैं। अगले साल जनवरी में मुंबई में होने वाली फुल मैराथन में भी वे हिस्सा ले रहे हैं और इसकी तैयारी कर रहे हैं। हल्दीघाटी हाफ मैराथन में पत्रकार, राजपूताना राइफल्स व राजस्थान पुलिस के जवान और बड़ी तादाद में स्थानीय छात्र हिस्सा ले रहे हैं। इनके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात व महाराष्ट्र के धावक भी हिस्सा लेंगे। राजपूतना राइफल्स के 17 धावक नायब सूबेदार और एथलेटिक्स कोच छतर सिंह की अगुआई में मैराथन में हिस्सा लेने के लिए नाथद्वारा पहुंच चुके हैं।
53 साल के बैरागी को वैसे तो कुश्ती के साथ दौडऩे का शौक था और वे स्थानीय स्तर पर मुकाबलों में हिस्सा भी लेते थे, लेकिन 2011 से उन्होंने उल्टी दौड़ लगाने का अभ्यास शुरू किया। उनका कहना है कि उनके मन में कुछ अलग तरह का करने का विचार आया और इसके बाद उन्होंने उल्टा दौडऩे का अभ्यास शुरू किया और 2015 में उदयपुर हाफ मैराथन में पहली बार दूसरे धावकों के साथ उल्टा दौड़े। हल्दीघाटी वेदान रन टू ब्रीथ सातवीं मैराथन है, जिसमें वे हिस्सा ले रहे हैं। उनका कहना है कि हल्दीघाटी में इस तरह के आयोजन से युवाओं को बड़ा मौका मिलेगा।