पाकिस्तान द्वारा भारत में हनीट्रैप बिछा जासूसी कराने का यह कोई पहला
मामला नहीं है। पहले भी पाकिस्तान ऐसा करता आया है। पाकिस्तानी खुफिया
एजेंसी आईएसआई के एजेंट भारतीयों को हनीट्रैप में फंसाकर सीक्रेट सूचनाएं
हासिल करने की कोशिश करते रहे हैं। पिछले साल भटिंडा एयरफोर्स स्टेशन पर
तैनात एक जवान रंजीत केके को जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया
था। रंजीत एयरफोर्स में लीड एयरक्राफ्ट मैन की पोस्ट पर काम कर रहा था।
रंजीत कई साल से सोशल मीडिया पर दामिनी मैकनॉट नाम की एक महिला के संपर्क
में था। दरअसल यह एक हनीट्रैप था। एयरफोर्स ने उसे कोर्ट मार्शल के बाद
निकाल दिया था।
रंजीत ने पूछताछ में माना था कि तीन साल पहले मैक्नॉट
दामिनी की तरफ से फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। दामिनी के प्रोफाइल
में उसका पता बीस्टन लीड्स, ब्रिटेन था। दोनों के बीच देर रात तक फेस बुक
पर चैट होती थी। मामला वॉट्सऐप और स्काइप तक जा पहुंचा। दोनों के बीच काफी
प्राइवेट किस्म की बातचीत होती थी। इसी तरह की बातों के बदले में दामिनी ने
रंजीत से आईएसआई के लिए जासूसी कराई।