Full Text: PM Modi addresses nation in 37th Mann Ki Baat-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

PM ने पटेल-नेहरू-इंदिरा को किया याद, जानें:मन की बात में क्या-क्या बोले

khaskhabar.com: रविवार, 29 अक्टूबर 2017 4:33 PM (IST)
PM ने पटेल-नेहरू-इंदिरा को किया याद, जानें:मन की बात में क्या-क्या बोले
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम मन की बात के 37वें संस्करण में दिवाली के बाद मनाए जाने वाले महापर्व छठ की देश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पीएम ने मन की बात को लेकर कहा कि इस कार्यक्रम की सरहना भी होती है और आलोचना भी, लेकिन इसके प्रभाव को देखने के बाद उनका विश्वास दृढ़ हो जाता है। पीएम ने अपने भाषण में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, इंदिरा गांधी समेत कई महान हस्तियों को याद किया। मोदी ने रविवार को कहा कि गुरु नानक न केवल सिखों के पहले गुरु हैं, बल्कि पूरी दुनिया के भी गुरु हैं। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शो और शिक्षाओं का अनुसरण करने का आग्रह किया। पटेल ने लोगों को एक राष्ट्र के रूप में एकजुट किया मोदी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने लाखों भारतीयों को एक राष्ट्र, एक संविधान के अंतर्गत लाना सुनिश्चित किया और एकता और देशभक्ति का उनका संदेश न्यू इंडिया (नया भारत) के लिए एक प्रेरणा है। मोदी ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी, जिनकी 31 अक्टूबर को जयंती है। उन्होंने कहा कि पटेल ने आधुनिक, संयुक्त भारत की आधारशिला रखी। मोदी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को भी याद किया, जिनकी 14 नवंबर को जयंती है, जिसे बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है और उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी याद किया, जिनकी 31 अक्टूबर को पुण्यतिथि है।
मोदी ने कहा कि सरदार पटेल ने न केवल क्रांतिकारी विचार दिए, बल्कि भारत की आजाद के बाद ज्यादा जटिल समस्याओं का समाधान ढूढ़ते हुए उसे क्रियान्वित भी किया। मोदी ने कहा, एक विचार को वास्तविकता में बदलना उनकी खूबी थी। सरदार पटेल ने भारत को एकसूत्र में पिरोने का जिम्मा लिया। उन्होंने लाखों भारतीयों को एक राष्ट्र व एक संविधान के अंतर्गत लाना सुनिश्चित किया। मोदी ने कहा कि पटेल ने सौहाद्र्र और देशभक्ति को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा, सरदार साहब के ये आदर्श हमारे एक नए भारत के नजरिए से प्रासंगिक और प्रेरणास्पद हैं, इसलिए उनकी जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।

मोदी ने बच्चों में मधुमेह की बीमारी पर चिंता व्यक्त की

मोदी ने जीवनशैली से जुड़ी मधुमेह जैसी बीमारियों से बच्चों के ग्रस्त होने को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए परिवारों से नियमित शारीरिक व्यायाम और योग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। मोदी ने कहा, पहले जो बीमारियां बड़ी उम्र में होती थीं, वह आजकल बच्चों में देखने को मिल रही हैं। मुझे यह जानकर अचंभा हुआ कि आजकल बच्चों को भी मधुमेह की बीमारी हो रही है। इतनी कम उम्र में इस तरह की बीमारियां होने का मुख्य कारण कम शारीरिक गतिविधि और हमारे खान-पान की आदतों में बदलाव है। कार्यक्रम में पार्थ शाह नाम के शख्स ने फोन कर 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस घोषित करने की सलाह दी। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
गुरु नानक के बताए रास्ते पर चलने का मोदी का आग्रह
मोदी ने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक ने सच्ची मानवता का संदेश देने के लिए पैदल ही 28,000 किलोमीटर की यात्रा की। गुरु नानक जयंती चार नवंबर को मनाई जाएगी। उन्होंने कहा, आगामी वर्ष 2019 में हम गुरु नानक देवजी का 550वां प्रकाश वर्ष मनाने जा रहे हैं। हम सभी उनके आदर्शो और शिक्षाओं के रास्ते पर आगे बढऩे का प्रयास करें। मोदी ने कहा कि गुरु नानक ने मानवता के कल्याण की कामना की और सभी जातियों को समान माना। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और महिला सम्मान पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, उन्होंने लंगर की परंपरा शुरू की, जिसने लोगों के बीच सेवा की भावना के बीज बोए। लंगर का हिस्सा बनकर लोगों में एकता और मेल की भावना पैदा हुई।
सैनिकों के साथ मनाई दिवाली यादगार रही : मोदी
मोदी ने कहा कि सैनिकों के साथ दिवाली मनाना यादगार अनुभव रहा। उन्होंने साथ ही संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में भारतीय सुरक्षा बलों की भूमिका की तारीफ की। मोदी ने जम्मू एवं कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सैनिकों के साथ मनाई गई दिवाली का जिक्र किया और कहा कि लोगों को उनकी वीरता की कहानियों को सुनना चाहिए। मोदी ने कहा, हमारे सुरक्षा बलों के साथ मनाई गई दिवाली की यादें हमेशा मेरे दिल में बसी रहेंगी। उन्होंने कहा, मैं हर सैनिक को सलाम करता हूं, जो सभी बाधाओं का बहादुरी से सामना करते हुए पूरे समर्पण और बलिदान की भावना के साथ हमारे सीमाओं की सुरक्षा करता है। हमें जब भी मौका मिले, हमें जरूर हमारे सैनिकों के अनुभवों को जानने की कोशिश करनी चाहिए और उनकी वीरता की कहानियों को सुनना चाहिए।
खादी, हैंडलूम गरीबों को सशक्त बना रहे : मोदी

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement