Formation of Haryana Farmer Welfare Authority,, CM Chairman-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण का गठन, सीएम अध्यक्ष होंगे

khaskhabar.com: मंगलवार, 06 फ़रवरी 2018 8:06 PM (IST)
हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण का गठन, सीएम अध्यक्ष होंगे
चण्डीगढ़। हरियाणा में किसान समुदाय के हित में एक अन्य महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज कृषि को लाभकारी बनाने, कृषि की उत्पादकता व किसानों की आय बढ़ाने के लिए हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण की स्थापना की घोषणा की। यह किसानों व भूमिहीन श्रमिकों के भौतिक, वित्तीय एवं मनौविज्ञानिक दबावों को दूर करेगा।यह घोषणा मुख्यमंत्री ने अपने हर महीने एक और सुधार कार्यक्रम के तहत चण्डीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के कोने-कोने से आए प्रगतिशील किसानों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करने के लिए बुलाई गई बैठक में की। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ और खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज भी उपस्थित थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण के अध्यक्ष होंगे और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री इसके पदेन उपाध्यक्ष होंगे। प्राधिकरण के पदेन सदस्यों में पशुपालन एवं डेयरी, बागवानी और मत्स्य पालन मंत्री, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव या प्रधान सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, अतिरिक्त मुख्य सचिव या प्रधान सचिव, पशुपालन एवं डेयरी विभाग शामिल हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा कृषि एवं कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने प्रदेश के किसानों को कृषि के साथ-साथ अन्य सबद्ध व्यवसायों में जोखिम फ्री बनाने की पहल करते हुए हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण का गठन करने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि 2018-19 के केन्द्रीय बजट में भी खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए 1100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और पूरे देश में 42 मैगा फूड पार्क स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सतलुज यमुना लिंक नहर पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के निष्पादन आदेशों के लिए प्रयासरत है। इसके अलावा, रेणूका, लखवार व किशाऊ बांधों से भी हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिले इसके लिए भी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों पर हरियाणा को यमुना नदी के माध्यम से पीने के पानी के लिए निर्धारित कोटे से दिल्ली को प्रतिदिन 300 क्यूसिक अधिक पानी देना पड़़ता है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम व फरीदाबाद में बढ़ती हुई जनसंख्या के लिए पानी की उपलब्धता सरकार के लिए चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जल संरक्षण में सहयोग करे और जिन क्षेत्रों में सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंचता वहां पानी पहुचाएं। उन्होंने कहा कि नहरी तंत्र का जीर्णोद्वार किया जा रहा है। पश्चिमी यमुना नहर के पम्प सेट की विशेष मरम्मत व नहरों व माइनरों के जीर्णोद्वार के लिए लगभग 2200 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि किसान कल्याण प्राधिकरण के साथ-साथ एक एडवाईजरी कमेटी का भी गठन किया जाएगा जिसमें वे स्वयं भी शामिल होंगे, इसके अलावा, कृषि एवं कल्याण मंत्री व सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ प्रगतिशील किसानों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, खेतीहार मजदूरों व भूमिहीन किसानों के लिए एक अलग से कमेटी का गठन भी किया जाएगा।
किसानों के सुझावों से गद-गद मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके दरवाजे हमेशा खुले है और किसी भी समय अच्छे सुझाव अपनाएं जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि जैविक खेती करने वाले, मधुमक्खी पालन, बागवानी व डेरी व्यावसाय वाले किसानों को अपने-अपने उत्पादक समूह गठित कर अपनी ब्रांडिंग करनी चाहिए, सरकार की तरफ से इंफ्रास्टच्चर व अन्य सुविधाएं ऐसे समूहों को उपलब्ध करवाई जाएंगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement