करनाल। विधानसभा स्पीकर कंवर पाल गुर्जर ने बटन दबाकर रावण का दहन करने से पूर्व वहां उपस्थित जन समूह को सम्बोधित किया। इससे पूर्व उन्होंने खुले वाहन पर दशहरा ग्राउंड का चक्कर लगाते हुए हाथ उठाकर जनता को दशहरा पर्व की बधाई दी और जनता का अभिवादन किया। दशहरे के इस कार्यक्रम में श्री रामलीला सभा सहित विभिन्न धार्मिक संस्थाओं द्वारा तैयार करवाई विभिन्न मनमोहक झांकियां शहर के बीचोबीच होती हुई दशहरा ग्राउंड में पहुंची। गुर्जर ने भारतीय संस्कृति में दशहरे के महत्व को बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति वीरता की पूजक है, शौर्य की उपासक है। व्यक्ति और समाज के रक्त में वीरता प्रकट हो इसलिए दशहरे का उत्सव रखा गया है। उन्होंने कहा कि दशहरे का सांस्कृतिक पहलू भी है।