बरेली। फतेहगंज पूर्वी में सोमवार को आपसी विवाद को लेकर एक किसान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के खली नबादा गांव की है। यहां के स्थानीय निवासी सोमपाल कश्यप सोमवार को अपने बड़े भाई के घर में निर्माणाधीन मकान का लिंटर डलवाने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही चार लोग, जो सोमपाल के परिवार से रंजिश मानते थे, मौके पर पहुंच गए। और सोमपाल को ललकारते हुए सीने पर फायर कर दिया। वही घायल सोमपाल को तुरंत ही परिजनों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। जहां रास्ते में ही सोमपाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोमपाल के परिवार की एक किशोरी से गांव के ही वीरपाल के परिवार ने दुष्कर्म किया था। जिसका मुकदमा चल रहा था। वीरपाल का परिवार मुकदमा वापस करने के लिए आए दिन मृतक सोमपाल के परिवार को परेशान करता था और इसी रंजिश में सोमपाल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमपाल के बेटों की ओर से मामले में गांव के वीरपाल, गिरीश बाबू, हरपाल और रघुवर को हत्या में नामजद आरोपी बनाया गया है। वही पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।