परिजनों का शव लेने से इंकार, कार्रवाई की मांग पर अड़े
khaskhabar.com: सोमवार, 19 सितम्बर 2016 11:29 AM (IST)
हिसार। गांव बिठमड़ा में वाल्मीकि समुदाय के राजबीर उर्फ डांगी के आत्महत्या के मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसलिए परिजनों ने मृतक का शव लेने से इंकार कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी एवं पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठन पीडि़त परिवार के समर्थन में आ गए हैं। संगठनों ने पीडि़त परिवार की सभी मांगें पूरी नहीं होने तक शव को लेने से स्पष्ट तौर पर मना कर दिया है। राजबीर को मरे अभी तक करीबन 36 घंटे हो चुके हैं और पुलिस फिलहाल परिजनों की मांग को पूरा नहीं कर पाई है। परिजनों की मांग है कि राजबीर को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले गांव के ही चार आरोपी सहित इस मामले में उकलाना पुलिस द्वारा लापरवाही बरतने के कारण थाना प्रभारी सहित अन्यों पर कार्रवाई की जाए। दूसरी तरफ इस मामले के बारे में अनुसूचित जाति आयोग के अधिकारियों को भी सूचित किया गया है।