जैसलमेर। यहां हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार बहुत जल्द समाप्त होने वाला है। जैसलमेर में अब 1 नवंबर से हवाई सेवा शुरू होने की संभावना है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा इस ओर पहल करते हुए जैसलमेर को प्रथम चरण में रखने की बात कहने से अब यहां हवाई सेवाओं के पंख लगने की संभावना बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
गौरतलब है कि जैसलमेर में करीब 100 करोड़ की लागत से चार साल से एयरपोर्ट बनकर तैयार है, मगर बिना हवाई सेवाओं के यहां की मशीनरी धूल खा रही थी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपनी जैसलमेर यात्रा के दौरान यहां हवाई सेवाओं के शुरू होने को लेकर पर्यटन व्यवसायियों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए जयपुर जाते ही जैसलमेर को स्टेट एविएशन की इंटर कनेक्टिविटी पॉलिसी के तहत प्रथम चरण में डालने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री राजे के निर्देश के बाद जैसलमेर में हवाई सेवाओं को पंख लगने शुरू हो गए हैं और सुप्रीम एयरलाइंस ने इसके लिए आवेदन भी कर रखा है। इस पर तत्काल प्रभाव से कार्य चल रहा है। 19 अक्टूबर तक कागजी काम के पूरे होने के बाद संभवतया 1 नवंबर से जैसलमेर से जयपुर के लिए विमान सेवा शुरू हो जाएगी। इसमें सुप्रीम एयरलाइंस का 9 सीटर विमान जयपुर से जैसलमेर के लिए उड़ान भरेगा। मुख्यमंत्री की इस पहल के बाद जैसलमेर में खुशी की लहर है और पर्यटन को परवाज लगने की उम्मीद बढ़ी गई है।