हिसार। भारत निर्वाचन आयोग ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि कारगर तकनीकी और रक्षा उपायों के कारण आयोग की इलेक्ट्रोनिक मतदान मशीनों से छेड़छाड़ या गड़बड़ी नहीं की जा सकती। जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल गजराज ने बताया कि आयोग इन मशीनों को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया की सत्यनिष्ठा से पूरी तरह संतुष्ट है। भारत निर्वाचन आयोग चरणबद्ध रूप से वीवीपीएटी का उपयोग करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में नागरिकों के विश्वास को और मजबूत करेगा। तकनीकी विशेषज्ञ समिति के अनुसार इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनें एक सुरक्षित प्रणाली है, इसलिए समिति ने इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों के इस्तेमाल करने की सिफारिश की है। उन्होंने वर्तमान में लग रहे आरोपों को बेबुनियाद और सत्य से परे बताया। लेकिन ये भी कहा कि अगर कोई तथ्य सामने रखे जाते हैं तो प्रशासनिक आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी।