Advertisement
प्रदेश के विकास के लिए हर चुनौती मंजूर : मुख्यमंत्री

किसान हित में नियम बदले
राजे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नई फसल बीमा योजना के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि हमारी सरकार ने इस योजना के लिए 1066 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश इस योजना की क्रियान्विति में अग्रणी है, जिसकी स्वयं प्रधानमंत्री ने सराहना की है। इतना ही नहीं पहली बार राष्ट्रीय आपदा राहत फंड के नियमों में बदलाव करते हुए 50 प्रतिशत के स्थान पर 33 प्रतिशत खराबे पर मुआवजे का निर्धारण किया गया, जिसका फायदा प्रदेश के किसानों को मिला। उन्होंने कहा कि ग्राम के आयोजन में 55 हजार किसानों और पशुपालकों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।
राजस्थान में प्रति व्यक्ति आय दुगुनी हुई
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य की खुशहाली का प्रतीक उसकी प्रति व्यक्ति आय को माना जाता है। इस आंकड़े में भी राजस्थान ने नई ऊंचाई हासिल की है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति वार्षिक आय वर्ष 2013-14 में 27 हजार रुपए थी, जो अब वर्ष 2015-16 में दुगुने से भी अधिक 57 हजार रुपए हो गई है।
बिजली पर देश में सबसे अधिक सब्सिडी राजस्थान में
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के निर्णय के कारण हमें 80 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डूबी कंपनियां मिलीं, जिसका सालाना ब्याज ही 8 हजार करोड़ रुपए है। बढ़ी हुई दरों के कारण किसानों पर पडऩे वाले भार को कम करने के लिए सरकार ने यह भार खुद वहन करने का निर्णय लिया। पिछली सरकार ने 5 वर्ष में बिजली पर जहां 9 हजार करोड़ रुपए की सब्सिडी दी थी, वहीं हमारी सरकार ने तीन वर्ष में ही 24 हजार करोड़ रुपए की सब्सिडी दी है। आने वाले दिनों में सरकार इस मद में 8 हजार 500 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष सब्सिडी का भार वहन करेगी। यह सब्सिडी देश के किसी भी राज्य सरकार द्वारा कृषि पर दी जा रही सर्वाधिक सब्सिडी है।
जेएनवीयू की आंच दूर तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में हंगामा हुआ। आप सबको लगा कि हम ये नहीं समझ रहे कि आप ये क्यूं कर रहे हैं। हमें मालूम था कि विधायक जोगाराम जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में हुई अनियमितताओं का मुद्दा उठाने वाले थे, जिसकी आंच दूर तक जाती। इसलिए जानबूझ कर हंगामा खड़ा किया, ताकि वो मुद्दा तो गायब हो जाए। यह मुद्दा इतनी आसानी से गायब नहीं होगा।
राजे ने प्रदेश के स्वाभिमान और खुशहाली के लिए सभी से साथ आने का आह्वान करते हुए हेनरी फोर्ड के इस कथन के साथ अपने भाषण का समापन किया ‘साथ आना शुरुआत होती है, साथ रहने से तरक्की होती है और साथ काम करने से सफलता मिलती है।’ मुख्यमंत्री के भाषण के बाद सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हुआ।
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features



