employment and reservation of mines for Dalits, youth. -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

खान मंत्री ने नई खनन नीति में दलित, युवा को खान आरक्षण व रोजगार बढाने की नीति तैयार करने के दिये निर्देश

khaskhabar.com: शुक्रवार, 25 जून 2021 9:03 PM (IST)
खान मंत्री ने नई खनन नीति में दलित, युवा को खान आरक्षण व रोजगार बढाने की नीति तैयार करने के दिये निर्देश
जयपुर। मुख्यमंत्री द्वारा खान एवं पैट्रोलियम विभाग की 22 जून को ली गयी समीक्षा बैठक के निर्णयों की पालना कराने व विभाग के कार्यों को गति देने के लिए खान मंत्री श्री प्रमोद भाया ने खनिज भवन में मुख्यमंत्री की बैठक के 3 दिन के अन्दर ही वरिष्ठ अधिकारियों से गहरा विचार मन्थन किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्रीजी द्वारा दिये गये निर्देशों की पालना के लिए कार्य-योजना बनाने को लेकर रहा। खान मंत्री ने राज्य में खनिज की अपार सम्पदा को अच्छे ढंग से दोहन करने के लिए विभाग की भूवैज्ञानिक शाखा, ड्रिलिंग शाखा व प्रयोगशाला को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये ताकि खनिज खोज के काम को गति देते हुए नये खनिज खोजे जा सके। खान मंत्री ने मुख्यमंत्री की भावना के अनुरूप बहुत ही आकर्षक व देश की अग्रणी खनिज नीति बनाने के निर्देश दिये और स्पष्ट रूप से अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी खनिज नीति बनानी है जिससे निवेशक आकर्षित हो, रोजगार बढे और साथ ही नई नीति में ऐसा रास्ता निकाला जावे कि समाज के पिछड़े अनुसूचित जाति, जनजाति के साथ-साथ युवा, नये स्टार्टअप कर सकने वाले युवा उद्यमी व महिलाओं को विशेष रूप से खान आवंटन में आरक्षण का प्रावधान किया जा सके ताकि यह वर्ग भी समाज में कन्धे से कन्धे से मिलाकर आगे बढ़ सके। माइंस मंत्री भाया शुक्रवार को खनिज भवन में खनिज विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने इसी सप्ताह ही विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य की प्रस्तावित खनिज नीति में देश में सबसे अग्रणी, रोजगारपरक, राजस्व बढ़ाने वाली, सरलीकृत और देश दुनिया में राजस्थान की खनिज संपदा की खोज और खनन को बढ़ावा देने वाली नीति बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कोविड की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सामान्य वर्ष के अप्रेल मई की तुलना में इस वित्तीय वर्ष के अप्रेल-मई में खनन गतिविधियों के सुचारु संचालन और अधिक राजस्व संग्रहण के लिए अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि अवैद्य खनन और ओवरलोडिंग आदि के कारण हो रही राजस्व छीजत पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभाग के सतर्कता विंग का सशक्तिकरण करते हुए फूलप्रूफ सिस्टम विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसमें खनिज परिवहन वाहनों का खनिज विभाग में रजिस्ट्रेशन से लेकर जीपीएस जैसी व्यवस्थाओं लागू करने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बजरी की समस्या पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के संवेदनशील प्रयासों से तीन बजरी लीज जारी की जा चुकी है। एमसेंड नीति लाई गई है और जल्दी ही इस समस्या के समाधान की दिशा में और संभावनाएं तलाषी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री गहलोत की भावना और मंशा के अनुसार अवैद्य खनन को रोकने, खनिज खोज व खनन में नए आयाम स्थापित करने, रोजगार सृजन और खनन क्षेत्र से अधिक से अधिक राजस्व संग्रहण के प्रयास किए जा रहे हैं। भाया ने कहा कि राज्य की प्रस्तावित खनिज नीति का प्रारूप अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति, महिलाओें, विकलांगों और तकनीकी विशेषज्ञ युवाओं को माइंस आवंटन में आरक्षण पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे समाज के कमजोर व पिछड़े वर्ग के लोगों की भागीदारी तय होने के साथ ही तकनीकी विशेषज्ञ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों खासतौर से अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, जयपुर और भीलवाड़ा में अवैद्य खनन को रोक कर वैद्य खनन के लिए शहरी विकास विभाग के साथ उच्च स्तरीय समन्वय बना कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों और कामगारों को सिलिकोसिस बीमारी से बचाने के लिए जागरुकता अभियान चलाने के साथ ही सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के केडर रिव्यू के साथ ही विभाग को पुनर्गठित करने के प्रस्ताव भी तैयार किये जावे ताकि संसाधनों की उपलब्धता अनुसार क्षमताओं का बेहतर उपयोग हो सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement